साले की शादी में आए जीजा को लगा करंट:सुल्तानपुर में 70% झुलसे, घर के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन
सुल्तानपुर में साले की शादी में शामिल होने ससुराल आए एक युवक की खुशियां मातम में बदल गईं। मंगलवार दोपहर वह घर की छत पर धूप लेने गया था, तभी ऊपर से गुजर रही 33 केवी हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। करीब 70 प्रतिशत झुलसी हालत में उसे जिला अस्पताल से लखनऊ रेफर किया गया है। एक ही घर में एक सप्ताह के भीतर यह दूसरा बड़ा विद्युत हादसा है। छत पर धूप लेने गया था युवक जानकारी के अनुसार, गोसाईंगंज थाना क्षेत्र के हयातनगर निवासी श्लोक शर्मा (38) अपने ससुर दातादीन शर्मा के घर रामनगर उपकेंद्र अंतर्गत लाला का पुरवा, पलहीपुर आए थे। उनके साले संजय शर्मा की शादी थी। बारात 21 नवंबर को गई थी। वधू की विदाई के बाद घर में मांगलिक कार्यक्रम चल रहे थे। मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे श्लोक शर्मा धूप लेने के लिए छत पर गए। इसी दौरान घर के ऊपर से गुजर रही 33 केवी हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गए। करंट लगने से वह बुरी तरह झुलस गए। चीख-पुकार सुनकर पहुंचे परिजनों ने उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने हालत नाजुक देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद लखनऊ रेफर कर दिया। श्लोक के परिवार में पत्नी पूनम और तीन छोटे बच्चे हैं। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एक सप्ताह में इसी घर में दूसरा हादसा ग्रामीणों में विद्युत विभाग के प्रति आक्रोश है। उनका कहना है कि इसी घर के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन एक सप्ताह के भीतर दूसरे व्यक्ति को अपनी चपेट में ले चुकी है। इससे पहले शादी की तैयारियों के दौरान घर में सजावट का काम कर रहे हसनपुर महाराजगंज निवासी अमित सिंह भी इसी लाइन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए थे। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और विद्युत विभाग से आबादी के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन को तत्काल हटवाने की मांग की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)