दूल्हे को न दुल्हन मिली, न मैरिज हॉल:बांदा से बारात लेकर पहुंचा था चित्रकूट, बिचौलिए ने ठगे 1.50 लाख रुपए, 3 पर केस

Nov 24, 2026 - 14:09
0
दूल्हे को न दुल्हन मिली, न मैरिज हॉल:बांदा से बारात लेकर पहुंचा था चित्रकूट, बिचौलिए ने ठगे 1.50 लाख रुपए, 3 पर केस
बांदा जिले के बबेरू क्षेत्र से धूमधाम के साथ चित्रकूट के शिवरामपुर बरात लेकर पहुंचे दूल्हे और उसके परिजनों के पैरों तले तब जमीन खिसक गई, जब तय मैरिज हॉल में न तो दुल्हन मिली और न ही शादी का कोई इंतजाम दिखा। मौके पर लड़की पक्ष का कोई सदस्य भी मौजूद नहीं था। इस पूरे मामले में शादी तय कराने वाले मध्यस्थ पर दूल्हा पक्ष से डेढ़ लाख रुपए हड़पने का आरोप लगा है। पीड़ित दूल्हे की शिकायत पर मरका थाना पुलिस ने मध्यस्थ समेत तीन लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सितंबर में तय हुआ था रिश्ता, नवंबर में होनी थी शादी बबेरू थाना क्षेत्र के चरका गांव निवासी पीड़ित कुलदीप सिंह ने पुलिस को बताया कि मरका क्षेत्र के इंगुवारी मजरा निवासी पूरन सिंह ने चित्रकूट के शिवरामपुर की एक युवती से उनका रिश्ता तय कराया था। 23 सितंबर 2026 को कुलदीप अपने परिवार के साथ युवती को देखने गए थे। इसके बाद 15 अक्टूबर को दोनों पक्षों के बीच बातचीत आगे बढ़ी और 20 नवंबर को शादी की तारीख तय हो गई। कुलदीप का आरोप है कि शादी की तैयारियों और मैरिज हॉल की बुकिंग के नाम पर मध्यस्थ पूरन सिंह ने उनसे डेढ़ लाख रुपए ले लिए थे। लड़की के घर पहुंचने पर खुला ठगी का राज तय तारीख 20 नवंबर को कुलदीप बैंड-बाजा और बरातियों के साथ सज-धज कर शिवरामपुर पहुंचे, लेकिन वहां का नजारा देख सभी दंग रह गए। मैरिज हॉल में शादी की कोई तैयारी नहीं थी। जब दूल्हा पक्ष ने युवती के घर पहुंचकर जानकारी ली, तो परिजनों ने बताया कि उन्होंने जाति को लेकर आपत्ति जताते हुए मध्यस्थ के जरिए पहले ही इस शादी से इनकार कर दिया था। आरोप है कि लड़की पक्ष के इनकार की जानकारी होने के बावजूद मध्यस्थ पूरन सिंह ने यह बात दूल्हा पक्ष से छिपाई और शादी का झूठा भरोसा देकर डेढ़ लाख रुपए ऐंठ लिए। तीन आरोपियों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज बिना दुल्हन के बरात वापस लौटने के बाद पीड़ित कुलदीप ने मरका थाने पहुंचकर पुलिस से न्याय की गुहार लगाई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुख्य आरोपी पूरन सिंह (निवासी इंगुवारी मजरा, मरका), शिवरामपुर निवासी चुनवाद और उसकी बेटी सुधा के खिलाफ नामजद FIR दर्ज कर ली है। पीड़ित ने पुलिस से ठगे गए डेढ़ लाख रुपए वापस दिलाने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User