सहारनपुर में दीये से लगी टायर की दुकान में आग:दुकानदार जलता दीपक छोड़कर चला गया था, दमकल टीम ने मशक्कत से पाया काबू

Nov 09, 2026 - 16:25
0
सहारनपुर में दीये से लगी टायर की दुकान में आग:दुकानदार जलता दीपक छोड़कर चला गया था, दमकल टीम ने मशक्कत से पाया काबू
सहारनपुर के थाना कुतुबशेर क्षेत्र में रविवार रात फायर ब्रिगेड कार्यालय के पास स्थित निरंकारी टायर्स की दुकान में अचानक आग लग गई। आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही दमकल टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। गनीमत रही कि समय रहते आग बुझा दी गई, वरना दुकान में रखे टायरों के कारण आग विकराल रूप ले सकती थी। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, दुकान मालिक रात में दुकान बंद करके घर चला गया था। बताया जा रहा है कि दुकान के अंदर एक दीपक जलता हुआ छोड़ दिया गया था। इसी दीपक से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। दुकान का शटर बंद होने के कारण शुरुआत में आग बाहर दिखाई नहीं दी। कुछ देर बाद आसपास के लोगों ने शटर से धुआं निकलते देखा। देखते ही देखते धुएं का गुबार बढ़ने लगा। दुकान से धुआं उठता देख लोगों ने तुरंत इसकी सूचना दमकल विभाग को दी। खास बात यह रही कि आग की घटना फायर ब्रिगेड कार्यालय के पास ही हुई। सूचना मिलते ही दमकल कर्मचारी तत्काल मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का अभियान शुरू कर दिया। दुकान में टायर होने के कारण आग फैलने का खतरा बना हुआ था। हालांकि दमकल टीम की तत्परता से कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया गया। हादसे में दुकान के अंदर कितना नुकसान हुआ है, इसका आकलन किया जा रहा है। सोमवार दोपहर एक बजे सीएफओ प्रताप सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण दुकान में जलता हुआ दीपक प्रतीत हो रहा है। मामले की जानकारी जुटाई जा रही है। उन्होंने बताया कि समय पर सूचना मिलने से दमकल टीम ने जल्द आग पर काबू पा लिया, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया। सीएफओ ने दुकानदारों से अपील की कि दुकान बंद करके जाने से पहले बिजली के उपकरणों और आग लगने की आशंका वाली वस्तुओं की अच्छी तरह जांच कर लें। दीपक, दीये या अन्य ज्वलनशील वस्तुओं को जलता हुआ छोड़कर बिल्कुल न जाएं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User