सहारनपुर में निकाह में बढ़ती रस्मों से कारी इसहाक नाराज:बोले- शादी में दिखावे और फिजूलखर्ची के बजाय सादगी, हया और शरीयत के उसूलों का रखा जाए ध्यान

Nov 28, 2026 - 06:26
0
सहारनपुर में निकाह में बढ़ती रस्मों से कारी इसहाक नाराज:बोले- शादी में दिखावे और फिजूलखर्ची के बजाय सादगी, हया और शरीयत के उसूलों का रखा जाए ध्यान
सहारनपुर में शादी-ब्याह में बढ़ती गैरजरूरी रस्मों और पर्दे की पाबंदी को नजरअंदाज किए जाने पर देवबंदी उलेमा मौलाना कारी इसहाक गोरा ने चिंता जताई है। उन्होंने इस संबंध में एक वीडियो जारी कर मुस्लिम समाज में निकाह के दौरान निभाई जा रही कुछ परंपराओं पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि निकाह एक मुकद्दस सुन्नत और जिम्मेदारी का अहद है, लेकिन आज शादियों में ऐसी रस्में बढ़ रही हैं, जिनका इस्लामी शिक्षाओं और शरीयत के उसूलों से कोई संबंध नहीं है। खुशी के नाम पर होने वाली इन परंपराओं में पर्दे और हया की अहमियत को नजरअंदाज किया जा रहा है। मौलाना कारी इसहाक गोरा ने कहा कि आजकल कई शादियों में जब दूल्हा बारात लेकर दुल्हन के घर पहुंचता है तो दुल्हन की बहनें और परिवार की अन्य लड़कियां बिना पर्दे के बारात का फूलों से स्वागत करती हैं। इसके बाद सलामी देने की रस्म के दौरान दूल्हे और उसके दोस्तों के साथ हंसी-मजाक और बातचीत का सिलसिला शुरू हो जाता है। इस दौरान गैर-महरम पुरुषों और महिलाओं के बीच मेलजोल भी देखने को मिलता है। चिंता की बात यह है कि परिवार के बड़े-बुजुर्ग भी इन गतिविधियों को अपनी आंखों के सामने होते देखते हैं और कई बार इसे शादी की खुशी और मनोरंजन का हिस्सा मानकर प्रोत्साहित करते हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या निकाह की खुशी मनाने का यही तरीका इस्लाम की शिक्षाओं में बताया गया है? क्या कुछ पलों के मनोरंजन के लिए पर्दे और हया जैसे धार्मिक उसूलों को नजरअंदाज करना उचित है? उन्होंने कहा कि इस्लाम खुशी मनाने से नहीं रोकता, लेकिन खुशी के मौकों पर भी हया, पाकीजगी और शरीयत की निर्धारित सीमाओं का ध्यान रखने की शिक्षा देता है। निकाह केवल पारिवारिक आयोजन नहीं, जिम्मेदारी का अहद मौलाना ने कहा कि निकाह को केवल सामाजिक कार्यक्रम या खानदानी जश्न समझना ठीक नहीं है। यह एक मुकद्दस सुन्नत है और दो लोगों की जिंदगी की नई शुरुआत के साथ एक बड़ी जिम्मेदारी भी है। ऐसे पवित्र अवसर पर अल्लाह और उसके रसूल की शिक्षाओं को याद रखना चाहिए। ऐसी रस्मों को बढ़ावा नहीं देना चाहिए, जिनसे गैर-महरम पुरुषों और महिलाओं के बीच बेपर्दगी और गैरजरूरी मेलजोल की स्थिति पैदा हो। उन्होंने कहा कि समाज में यह विरोधाभास दिखाई दे रहा है कि एक तरफ लोग निकाह को सुन्नत के रूप में अदा करने की खुशी मनाते हैं, वहीं दूसरी तरफ उसी आयोजन में ऐसी परंपराएं निभाते हैं, जो इस्लामी आदाब और हया की भावना के विपरीत हैं। जब माता-पिता अपने बच्चों की जिंदगी की नई शुरुआत धार्मिक परंपरा के तहत कर रहे हैं तो उन्हें यह भी ध्यान रखना चाहिए कि उस शुरुआत में धर्म की शिक्षाओं का पालन हो। माता-पिता और बुजुर्गों से बच्चों की तरबियत पर ध्यान देने की अपील मौलाना कारी इसहाक गोरा ने माता-पिता और परिवार के बड़े-बुजुर्गों से अपील की कि बच्चों की शादी में केवल सजावट, शानदार स्वागत और नई-नई रस्मों पर ध्यान न दें। इस बात की भी चिंता करें कि निकाह शरीयत के मुताबिक हो। परिवार की बेटियों और बेटों को पर्दे, हया और गैर-महरम के साथ मेलजोल की धार्मिक सीमाओं के बारे में समझाएं। उन्होंने कहा कि बच्चों की परवरिश केवल नसीहत देने से नहीं होती, बल्कि वे घर के माहौल और बड़ों के व्यवहार से भी सीखते हैं। इसलिए जरूरी है कि परिवार के बड़े खुद भी अपने आचरण से बच्चों के सामने सही उदाहरण पेश करें। पुरानी परंपरा होना सही होने की दलील नहीं मौलाना ने कहा कि किसी रस्म का समाज में प्रचलित हो जाना या वर्षों से निभाया जाना इस बात की गारंटी नहीं है कि वह सही भी है। किसी परंपरा को केवल इसलिए उचित नहीं ठहराया जा सकता कि उसे हर घर में होते देखा जा रहा है। समाज में सुधार के लिए जरूरी है कि हर रस्म और परंपरा को धर्म की शिक्षाओं की कसौटी पर परखा जाए। जो काम शरीयत के उसूलों के खिलाफ हों, उनसे बचने का साहस दिखाया जाए। उन्होंने कहा कि आज समाज को शादियों में दिखावे, फिजूलखर्ची और गैरजरूरी रस्मों को बढ़ाने की नहीं, बल्कि निकाह को आसान, सादा और शरीयत के मुताबिक बनाने की जरूरत है। शादी की असली खूबसूरती फूलों से स्वागत, सलामी और हंसी-मजाक में नहीं, बल्कि दीनदारी, हया, पाकीजगी और अल्लाह की रजा में है। मौलाना ने कहा कि यदि समाज चाहता है कि आने वाली पीढ़ियां धार्मिक मूल्यों से जुड़ी रहें तो इसकी शुरुआत परिवारों से करनी होगी। अपनी खुशियों और पारिवारिक आयोजनों को भी इस्लामी शिक्षाओं के अनुरूप मनाने का तरीका अपनाना होगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User