युवती से छेड़छाड़-मारपीट के मामले में 4 पर चार्जशीट:बदायूं में ब्लैकमेल करने के लिए बनाया था वीडियो, रिश्तेदार के साथ घूमने गई थी युवती
बदायूं के उघैती थाना क्षेत्र के सिद्ध बरौलिया गांव के जंगल में प्रेमी-प्रेमिका को घेरकर मारपीट और युवती से छेड़छाड़ करने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की है। आरोपियों ने दोनों का आपत्तिजनक वीडियो बनाया था और उसे वायरल करने की धमकी देकर 1500 रुपए भी छीन लिए थे। पुलिस की जांच में मुकदमे में शामिल 10 अज्ञात लोगों की भूमिका सामने नहीं आई। युवती ने अपने बयान में चारों नामजद आरोपियों की पहचान की थी। बाइक देखकर जंगल में घेरा था घटना 17 सितंबर की है। उघैती थाना क्षेत्र की युवती संभल जिले के एक गांव में रहने वाले अपने रिश्तेदार के साथ सिद्ध बरौलिया मंदिर के पास जंगल में घूमने गई थी। दोनों की बाइक कुछ दूरी पर खड़ी थी। इसी दौरान सुगेंद्र कुमार, छोटे, बेचैन और जितेश समेत कुछ लोगों ने दोनों को घेर लिया। आरोपियों ने युवक और युवती के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। युवती से छेड़छाड़ की गई। आरोपियों ने दोनों का वीडियो भी बनाया। वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उनसे 1500 रुपए छीन लिए। करीब आधे घंटे बाद राहगीरों के पहुंचने पर आरोपियों ने दोनों को छोड़ा। वीडियो सामने आने पर पुलिस ने की कार्रवाई 24 सितंबर को घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया। इसके बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया। पुलिस ने पीड़ितों की बाइक के नंबर के आधार पर उनकी पहचान की। पूछताछ में पता चला कि युवक संभल जिले का रहने वाला है, जबकि युवती उघैती थाना क्षेत्र की है। पुलिस ने चार नामजद और 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। शुरुआती कार्रवाई में सुगेंद्र कुमार, बेचैन जाटव और छोटे जाटव को गिरफ्तार किया गया। बाद में नामजद चौथे आरोपी जितेश को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। युवती के बयान के आधार पर दाखिल हुई चार्जशीट मामले की विवेचना इस्लामनगर इंस्पेक्टर धनंजय सिंह ने की। जांच के दौरान युवती के बयान अदालत में दर्ज कराए गए। उसने चारों नामजद आरोपियों के नाम लिए। विवेचना में चारों की भूमिका सामने आई, जबकि 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ साक्ष्य नहीं मिले। जांच पूरी होने के बाद पुलिस ने सुगेंद्र कुमार, छोटे, बेचैन और जितेश के खिलाफ कोर्ट में आरोपपत्र दाखिल कर दिया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)