सीएम योगी की मां सावित्री देवी की अस्थियां अयोध्या पहुंची:संत तुलसीदास घाट पर सरयू नदी में आज प्रवाहित की जाएगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की दिवंगत मां सावित्री देवी की अस्थि कलश अयोध्या पहुंच गया हैं। इसको संत तुलसीदास घाट के सामने सरयू नदी में आज सुबह 10:30 बजे प्रवाहित किया जाएगा। भाजपा नेता राकेश वर्मा हरिद्वार से अयोध्या अस्थि कलश लेकर पहुंचे हैं। वे अभी सोहावल पहुंचे हैं।उन्होंने बताया कि वे 10 बजकर 30 मिनट पर नयाघाट पहुंच रहे हैं।यहां कलश विसर्जन के बाद आज ही दोपहर 12:00 से भरतकुंड पर श्रद्धांजलि और प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया है। अस्थि कलश के अयोध्या आगमन और आगामी धार्मिक अनुष्ठानों को लेकर स्थानीय प्रशासन, भाजपा संगठन और संत समाज में विशेष तैयारियां की जा रही हैं।
मुख्यमंत्री की माताजी का अंतिम संस्कार बीते शनिवार (21 नवंबर 2026) को हरिद्वार के चंडी घाट पर संपन्न हुआ था। अब वैदिक परंपराओं के अनुरूप अस्थि विसर्जन के लिए भाजपा नेता राकेश वर्मा हरिद्वार से अस्थि कलश लेकर अयोध्या पहुंवे हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, अस्थि कलश अयोध्या पहुंचने के बाद इसे पूरी श्रद्धा और सम्मान के साथ सरयू नदी के तट पर ले जाया जाएगा, जहां तीर्थ पुरोहितों द्वारा पूरे विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पावन सरयू की जलधारा में अस्थियों का विसर्जन किया जाएगा।
धार्मिक अनुष्ठानों के इसी क्रम में आज, गुरुवार (26 नवंबर 2026) को अयोध्या के ऐतिहासिक एवं पौराणिक स्थल भरत कुंड पर दिवंगत आत्मा की शांति और सद्गति के लिए विशेष 'शांति पाठ' व श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में अयोध्या के प्रमुख साधु-संतों, धर्माचार्यों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और भाजपा पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के बड़ी संख्या में शामिल होने की संभावना है। सरयू घाट और भरत कुंड परिसर में होने वाले इन कार्यक्रमों को देखते हुए स्थानीय स्तर पर आवश्यक प्रशासनिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं, ताकि सभी अनुष्ठान शांतिपूर्ण और गरिमामय ढंग से संपन्न हो सकें।
बताते चले कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी का शुक्रवार (20 नवंबर 2026) को 91 वर्ष की आयु में निधन हो गया था। उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल स्थित पैतृक गांव पंचूर से अंतिम यात्रा के बाद हरिद्वार में उनका अंतिम संस्कार किया गया था, जिसमें उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कई वरिष्ठ नेता व संत शामिल हुए थे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)