मायावती बोलीं- बाबा साहेब का सामाजिक–आर्थिक लोकतंत्र का सपना अधूरा:कहा–यूपी में फिर ‘सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय’ की सरकार बनाने की जरूरत
संविधान दिवस पर बसपा सुप्रीमो मायावती ने बहुजन समाज के राजनीतिक अधिकारों और सत्ता में भागीदारी का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर का आत्मसम्मान और स्वाभिमान का मिशन आज भी अधूरा है। आजादी के 79 साल बाद भी बहुजन समाज सत्ता की मास्टर चाबी अपने हाथ में नहीं ले पाया है। इस पर समाज को गंभीरता से विचार करना चाहिए। मायावती ने कहा कि बाबा साहेब ने बहुजन समाज को जातिवादी शोषण और गुलामी से मुक्ति दिलाने के लिए जीवनभर संघर्ष किया। उनका मानना था कि सत्ता वह मास्टर चाबी है, जिससे तरक्की और विकास के सभी बंद दरवाजे खुलते हैं। इसके बावजूद देश की सत्ता में बहुजन समाज की अपेक्षित भागीदारी नहीं हो पाई है। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकारों से सवाल किया कि क्या आजादी के बाद अब तक की सरकारों ने आरक्षण की संवैधानिक व्यवस्था को ईमानदारी से लागू किया है? गरीबी, बेरोजगारी, शिक्षा, स्वास्थ्य और आत्मसम्मान जैसी बुनियादी जरूरतों को पूरा करने के लिए क्या गंभीर प्रयास किए गए हैं? अगर इन जिम्मेदारियों को सही तरीके से नहीं निभाया गया है तो इसका हिसाब लिया जाना चाहिए। बसपा सुप्रीमो ने कहा कि बाबा साहेब ने संविधान सभा में अपने समापन भाषण में जातियों को देश विरोधी बताते हुए जातिवाद छोड़ने की जरूरत बताई थी। उन्होंने भारत को एक राष्ट्र बनाने के लिए ठोस कदम उठाने पर जोर दिया था। बाबा साहेब का मानना था कि केवल राजनीतिक आजादी पर्याप्त नहीं है। देश के समग्र विकास के लिए सामाजिक और आर्थिक लोकतंत्र भी जरूरी है। बसपा के चार बार के शासन में हुआ था यूपी का विकास मायावती ने दावा किया कि बसपा ने उत्तर प्रदेश में अपने चारों शासनकाल में 'सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय' की नीति पर काम किया। पार्टी ने सामाजिक परिवर्तन और आर्थिक मुक्ति की दिशा में मजबूत आधार तैयार किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के साथ उत्तराखंड और पंजाब में विधानसभा चुनाव नजदीक हैं। ऐसे में बाबा साहेब के संविधान की मंशा को जमीन पर उतारने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि संकीर्ण और जातिवादी सोच वाली पार्टियों के बजाय बसपा ही सर्वसमाज के हित, सुरक्षा और विकास की गारंटी दे सकती है। पार्टी को विरोधी दलों और जातिवादी संगठनों के तमाम हथकंडों का सामना करते हुए सत्ता तक पहुंचाना जरूरी है। मायावती ने कहा कि उत्तर प्रदेश में फिर से कानून का राज और जनकल्याणकारी शासन स्थापित करना होगा। इससे गरीबी, बेरोजगारी, पिछड़ेपन और पलायन जैसी समस्याओं से जूझ रहे लोगों को राहत मिल सकेगी। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब के कल्याणकारी राज्य के सपने को साकार करने के लिए संविधान दिवस पर सभी को संकल्प लेना चाहिए। फिल्लौर में आकाश आनंद करेंगे जनसभा संविधान दिवस के मौके पर बसपा की पंजाब स्टेट यूनिट की ओर से जालंधर जिले के फिल्लौर में जनसभा आयोजित की गई है। इसमें पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। मायावती ने अपने संदेश के अंत में 'जय भीम, जय भारत और जय संविधान' का नारा दिया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)