SIR फॉर्म भरने के बाद भी वोटर-लिस्ट से नाम गायब:बाराबंकी में शिकायत मिलने पर गांव पहुंचीं SDM, दिया आश्वासन
बाराबंकी के मसौली ब्लॉक की चंदवारा ग्राम पंचायत में कई मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट में नहीं दिख रहे हैं। बुधवार शाम करीब चार बजे ग्रामीणों ने इसकी शिकायत की। उनका कहना है कि SIR फॉर्म भरने के बावजूद सूची में नाम शामिल नहीं हुए हैं। शिकायत के बाद SDM गुंजिता अग्रवाल समेत राजस्व विभाग की टीम गांव पहुंची और लोगों की समस्याएं सुनीं। परिवार के बाकी सदस्यों के नाम सूची में शामिल गांव की 50 साल की प्रेमलता ने बताया कि वह 30 साल से यहां रह रही हैं। उनके परिवार के बाकी सदस्यों के नाम वोटर लिस्ट में हैं, लेकिन उनका नाम गायब है। उन्होंने SIR फॉर्म भी भरा था। इसके बावजूद सूची में नाम नहीं आया। प्रेमलता के मुताबिक, वह पंचायत चुनाव में लगातार वोट डालती रही हैं। शमली और कमरजहां ने भी SIR फॉर्म भरने के बाद वोटर लिस्ट में नाम नहीं होने की शिकायत की। ग्रामीणों का दावा है कि हिंदू और मुस्लिम दोनों समुदायों के कई लोगों के नाम सूची में नहीं हैं। चंदवारा ग्राम पंचायत में चार हजार से ज्यादा मतदाता हैं। SDM बोलीं- अभी किसी का नाम नहीं काटा गया शिकायत मिलने पर SDM गुंजिता अग्रवाल, तहसीलदार, कानूनगो और लेखपाल समेत राजस्व विभाग की टीम गांव पहुंची। SDM ने बताया कि फिलहाल हर बूथ की वोटर लिस्ट का मिलान किया जा रहा है, ताकि गलती का पता लगाया जा सके। उन्होंने कहा कि अभी किसी मतदाता का नाम नहीं काटा गया है। जिन लोगों के नाम छूट गए हैं, वे नियमानुसार नाम जुड़वा सकते हैं। प्रशासन की टीम शिकायतों की जांच कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)