संभल-चंदौसी और गंगा किनारे हाईवे पर कोहरा,वाहनों की रफ्तार धीमी:AQI रेड जोन में 553 पहुंचा, तापमान 17 डिग्री; दिन में धूप से गर्मी और सुबह-शाम ठंड
दीपावली पर संभल, चंदौसी और गंगा किनारे गुन्नौर तहसील के हाईवे पर कोहरा छाया रहा। इससे वाहनों की रफ्तार धीमी हुई। संभल का AQI लगातार तीसरे दिन रेड जोन में रहा। शनिवार को यह 553 दर्ज किया गया, जबकि शुक्रवार को 655 था। सुबह न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस और दृश्यता 200 मीटर दर्ज की गई। ठंडी हवाएं 8 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलीं। शनिवार सुबह 8 बजे संभल जिले का तापमान 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ठंडी हवाओं के चलते सुबह और शाम ठंड रही, जबकि दिन में धूप से गर्मी रही। दोपहर 12 बजे से शाम 6 बजे तक अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। रात में तापमान 6 डिग्री गिरकर 23 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। अक्टूबर के आखिरी दिनों में हुई बारिश के बाद दीपावली से पहले मौसम बदला है। पिछले सालों में ऐसी स्थिति गंगा स्नान के बाद बनती थी। लोगों का कहना है कि इस साल संभल में ज्यादा बारिश हुई है, इसलिए ठंड भी ज्यादा पड़ सकती है। चंदौसी में मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों को कोहरे का सामना करना पड़ा। चंदौसी जंक्शन पर जनशताब्दी एक्सप्रेस, लखनऊ एक्सप्रेस, गरीबरथ, सद्भावना एक्सप्रेस और मुरादाबाद-बरेली पैसेंजर समेत कई ट्रेनें तय समय से कुछ आगे-पीछे पहुंचीं। सभासद अनीस अहमद ने बताया कि सुबह-शाम ठंड बढ़ने से लोगों ने गर्म कपड़े निकाल लिए हैं। मौसम बदलने से घरों में खांसी-जुकाम के मरीज हैं। सीएमएस डॉ. राजेंद्र सैनी ने बताया कि शासन के निर्देश पर जिला संयुक्त चिकित्सालय में 10 बेड का आइसोलेशन वार्ड बनाया गया है। ओपीडी 1000 के बाद और प्रतिदिन 8000 ब्लड जांच हो रही है। इस साल संभल जिले में सामान्य से 102% ज्यादा बारिश हुई है। 1 जून से 31 अक्टूबर तक 1,330.9 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि इस अवधि में 696.4 मिलीमीटर बारिश का अनुमान था। मौसम विभाग के अनुसार, आगे ठंड बढ़ने की उम्मीद है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)