संतकबीरनगर से MLA का चुनाव लड़ेगा सिपाही:गोरखपुर में नौकरी छोड़कर सपा के प्रचार में जुटा, बर्खास्तगी की कार्रवाई शुरू
गोरखपुर में डॉयल 112 के निलंबित सिपाही श्याम सुंदर चौहान ने विभागीय कार्रवाई के बीच अपना रुख साफ कर दिया है। उसका कहना है कि वह समाजवादी पार्टी में ही रहेगा, विभाग चाहे तो उसे बर्खास्त कर दे। डायल-112 में तैनात रहे 1994 बैच के सिपाही के इस रुख के बाद पुलिस विभाग ने भी बर्खास्तगी की प्रक्रिया तेज कर दी है। पुलिस मुख्यालय से उसे नोटिस भेजकर जवाब मांगा गया था। जिसके जवाब में उसने बताया कि वह अब पूरा जीवन राजनीति करेगा। जवाब मिलने के बाद उसके बर्खास्तगी की कार्रवाई तेज कर दी गई है। पुलिस विभाग के जांच अधिकारियों का भी बयान कराया जाएगा। यही रिपोर्ट मुख्यालय भेजी जाएगी। गैरहाजिर रहकर कर रहा प्रचार
श्याम सुंदर चौहान मूल रूप से संतकबीरनगर जिले के महुली थाना क्षेत्र के नैना झाला गांव का रहने वाला है। वर्ष 2023 में कुशीनगर से तबादले के बाद उसकी तैनाती गोरखपुर में डायल-112 में हुई थी। आरोप है कि वह लंबे समय तक ड्यूटी से गैरहाजिर रहने के साथ ही संतकबीरनगर की धनघटा विधानसभा सीट पर सपा के टिकट से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहा है। उसकी लंबे समय तक गैरहाजिरी और राजनीतिक गतिविधियों को लेकर विभागीय जांच भी कराई गई। एसपी क्राइम की जांच में आरोप सही पाए जाने की बात सामने आई थी। इस पूरे मामले की जांच एसपी ट्रैफिक अमित श्रीवास्तव कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि जांच में सिपाही के खिलाफ सभी आरोप सही पाए गए हैं। उसके खिलाफ बर्खास्तगी की कार्रवाई चल रही है। संतकबीर नगर की धनघटा से टिकट की दावेदारी कर रहा सिपाही श्याम सुंदर चौहान मूल रूप से संतकबीर नगर के महुली थाना के नैना झाला गांव के रहने वाले हैं। वह यूपी पुलिस के 1994 बैच के सिपाही थे। उनके तीन बच्चे (एक बेटा और दो बेटियां) हैं। अब तक 11 जिलों में तैनात रह चुके हैं। साल 2023 में कुशीनगर से ट्रांसफर होकर गोरखपुर में डायल 112 में तैनाती मिली। बताया जा रहा है कि गोरखपुर में तैनाती के दौरान ही सिपाही श्याम सुंदर ने संतकबीर नगर की धनघटा सीट से चुनाव लड़ने की तैयारी शुरू कर दी थी। सोशल मीडिया पर सबसे पुरानी पोस्ट साल 2023 की है। इसमें सिपाही ने धनघटा विधानसभा क्षेत्र के लोगों को नए साल की शुभकामनाएं दी थीं। इसके बाद से वह लगातार सोशल मीडिया पर क्षेत्र से जुड़ी गतिविधियों और अपनी राजनीतिक सक्रियता से संबंधित पोस्ट करते रहे हैं। सपा के बैनर पर फोटो, नाम के साथ लिखा ‘सिपाही’ श्याम सुंदर लंबे समय से ड्यूटी से गायब रहकर क्षेत्र में प्रचार कर रहा है। वह धनघटा विधानसभा क्षेत्र के गांवों में जाकर लोगों से संपर्क कर रहा। सोशल मीडिया पर उसके कई फोटो और वीडियो सपा का प्रचार करते हुए पोस्ट हैं। हालांकि, उसके अनुपस्थित रहने के दौरान ड्यूटी पर उसकी हाजिरी कैसे दर्ज हुई, इस बारे में विभागीय स्तर पर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। श्याम सुंदर ने सोशल मीडिया और प्रचार में समाजवादी पार्टी के बैनर का इस्तेमाल किया है। पोस्टर में उसकी तस्वीर और नाम के आगे ‘सिपाही’ लिखा है। एक पोस्टर में वह लाल टोपी पहने नजर आ रहा है। उसके साथ समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की तस्वीरें भी हैं। 2027 चुनाव से पहले दावेदारी मजबूत करने में जुटा उत्तर प्रदेश में 2027 में विधानसभा चुनाव है। इसी को देखते हुए धनघटा सीट पर भी राजनीतिक दलों और संभावित दावेदारों की सक्रियता बढ़ी है। श्याम सुंदर भी पार्टी के कार्यक्रमों में शामिल होकर अपनी दावेदारी मजबूत करने की कोशिश कर रहा है। उसने पार्टी नेतृत्व से टिकट मिलने पर चुनाव मैदान में उतरने की बात कही है। मंच से बोलता है- मैं श्याम सुंदर चौहान सिपाही आपका स्वागत करता हूं महीनेभर पहले धनघटा विधानसभा क्षेत्र के लोहरेया में सपा के बूथ अध्यक्ष, जोन प्रभारी, सेक्टर प्रभारी की समीक्षा बैठक हुई थी। इसे श्याम सुंदर ने संबोधित किया था। कहा- मैं श्याम सुंदर चौहान सिपाही आप सबका स्वागत करता हूं। राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्देश पर पूरे प्रदेश में बूथ अध्यक्षों का यह सम्मेलन चल रहा है। पार्टी कैसे मजबूत होगी, इस पर गहन विचार चल रहा है। जो बूथ जीतेगा, वही सिकंदर होगा। जो अपना बूथ जिता लेगा, वही सरकार बनाएगा। ‘सरकारी नौकरी में रहते चुनाव नहीं लड़ सकते’ सिपाही नौकरी खुद नहीं छोड़ रहा है। सूत्रों की मानें तो इसके पीछे वजह ये है कि वह चाहता है कि पुलिस विभाग उसे बर्खास्त करे। ताकि चुनाव में हारने या कोई ऊंच-नीच होने पर वह कोर्ट की मदद से एक बार फिर नौकरी पा सके। उत्तर प्रदेश सरकारी सेवक आचरण नियमावली के तहत कोई भी सरकारी कर्मचारी किसी राजनीतिक दल से नहीं जुड़ सकता। न ही विधानसभा या स्थानीय निकाय का चुनाव लड़ सकता है। चुनाव में किसी तरह का हस्तक्षेप करने या अपने पद का प्रभाव इस्तेमाल करने पर भी रोक है। पुलिस विभाग के रिटायर्ड सीओ शिव पूजन सिंह ने बताया कि सरकारी नौकरी में रहते हुए कोई कर्मचारी चुनाव नहीं लड़ सकता। नियमों का उल्लंघन करने पर उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई हो सकती है। इसमें नौकरी से बर्खास्तगी तक की कार्रवाई शामिल है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)