सोनई में बाल दिवस का उत्सव:अमन कुशवाहा बोले- बच्चों में छिपी प्रतिभा को उचित अवसर और मार्गदर्शन से निखारें
मथुरा के सोनई स्थित श्रीमती द्रौपदी देवी जिज्ञासु जूनियर हाई स्कूल में 14 नवंबर को भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती एवं बाल दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर बच्चों की उमंग और उत्साह से सराबोर रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्या अमन कुशवाहा ने पंडित जवाहरलाल नेहरू के चित्र पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित कर किया। प्रधानाचार्या ने विद्यार्थियों को बाल दिवस का महत्व बताते हुए कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं। प्रत्येक बच्चे में कोई न कोई विशेष प्रतिभा छिपी होती है, जिसे उचित अवसर और मार्गदर्शन देकर निखारा जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेलकूद और रचनात्मक गतिविधियों में भी भाग लेने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और मनोरंजन के लिए विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इनमें 400 मीटर दौड़, क्रिकेट टूर्नामेंट, बैडमिंटन, लूडो, सांप-सीढ़ी, शतरंज और कैरम प्रतियोगिताएं शामिल रहीं। विद्यार्थियों ने सभी गतिविधियों में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया। खेलों के दौरान बच्चों ने अनुशासन, खेल भावना और आपसी सहयोग का परिचय दिया। प्रतियोगिताओं में भाग लेकर विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा दिखाई और उत्साहपूर्वक समय बिताया। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं का विशेष योगदान रहा। शिक्षकों ने प्रतियोगिताओं का संचालन करने के साथ बच्चों का उत्साहवर्धन भी किया। अंत में प्रधानाचार्या अमन कुशवाहा ने सभी विद्यार्थियों को बाल दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)