संभल के स्कूलों में बाल दिवस पर कार्यक्रम हुए:बच्चों ने खेलकूद और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में लिया हिस्सा, केक काटकर मनाया चाचा नेहरू का जन्मदिन
संभल के कई स्कूल-कॉलेजों में शनिवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक बाल दिवस मनाया गया। बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों और खेलकूद प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। उन्होंने केक काटकर चाचा नेहरू का जन्मदिन मनाया। नवाब महमूद गर्ल्स इंटर कॉलेज, हिन्द इंटर कॉलेज, शंकर इंटर कॉलेज, आचार्य मुक्तेश हकीम रहीस इंटर कॉलेज, बाल विद्या मंदिर स्कूल, सरस्वती विद्या मंदिर स्कूल और श्री बालाजी बाल ज्योति संस्थान समेत कई शिक्षण संस्थानों में कार्यक्रम हुए। शिक्षकों ने बच्चों को देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के जीवन और विचारों के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि चाचा नेहरू बच्चों से प्यार करते थे और उन्हें देश का भविष्य मानते थे। उनके जन्मदिन को बाल दिवस के रूप में मनाया जाता है। प्रधानाचार्य हुरमा यासीन ने कहा कि बाल दिवस मनाने का उद्देश्य बच्चों को मनोरंजन के साथ इस दिन का महत्व बताना है। उन्होंने कहा कि बच्चों को अच्छी शिक्षा और संस्कार देकर जिम्मेदार नागरिक बनाना सभी का कर्तव्य है। विद्यालय ने बच्चों को अच्छी शिक्षा देने का संकल्प लिया है। गरीब और प्रतिभाशाली बच्चों की शिक्षा के बारे में हुरमा यासीन ने बताया कि उनका विद्यालय चैरिटी स्कूल है। यहां आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों की फीस माफ की जाती है और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को शिक्षा से वंचित न रखने की अपील की। हुरमा यासीन ने कहा कि हर बच्चे को शिक्षा मिलेगी, तभी देश तरक्की करेगा। सईद अख्तर ने बताया कि पंडित जवाहरलाल नेहरू का जन्मदिन केक काटकर मनाया गया। बच्चे सुबह से खेलकूद में शामिल हुए। कार्यक्रमों के जरिए बच्चों को शिक्षा, संस्कार और समान अवसर का संदेश दिया गया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)