सोनिया गांधी की किताब खरीदने अस्सी घाट पहुंचे अजय राय:बोले- PM पद ठुकराने का साहस हर किसी में नहीं
कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी की आत्मकथा 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' को लेकर काशी में भी उत्सुकता बढ़ने लगी है। बुधवार को कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय इस किताब को खरीदने के लिए अस्सी घाट पहुंचे। किताब खरीदने के बाद वह घाट किनारे चाय पर चर्चा करने पहुंचे और लोगों को सोनिया गांधी के जीवन, संघर्ष और राजनीतिक फैसलों से जुड़ी किताब की खासियत बताई। अजय राय ने कहा कि सोनिया गांधी जैसा व्यक्तित्व आज देश में दूसरा नहीं है। प्रधानमंत्री पद को ठुकराना हर किसी के बस की बात नहीं है। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री बनने का अवसर होने के बावजूद खुद पद स्वीकार नहीं किया और देश के बड़े अर्थशास्त्री डॉ. मनमोहन सिंह को प्रधानमंत्री बनाया। यह फैसला उनके व्यक्तित्व और त्याग को दर्शाता है। उनके मुताबिक, किताब में इन घटनाओं का सिलसिलेवार उल्लेख किया गया है, जिससे देश के लोगों को बहुत कुछ सीखने और समझने का मौका मिलेगा। ‘सोनिया गांधी का संघर्ष जानने के लिए जरूर पढ़ें किताब’ अजय राय ने कहा कि सोनिया गांधी ने अपने जीवन में कई व्यक्तिगत और राजनीतिक संघर्षों का सामना किया है। किताब में उनके जीवन के अनुभवों, परिवार की त्रासदियों और राजनीतिक फैसलों का जिक्र है। उन्होंने कहा कि पंजाब के हालात, आपातकाल और गांधी परिवार से जुड़े विवादों पर भी सोनिया गांधी ने अपना पक्ष रखा है। किताब में जो तथ्य हैं, वे उनके अनुसार सही जानकारी और अनुभवों पर आधारित हैं। किताब में परिवार के कुछ विवादों और ऐतिहासिक घटनाओं को लेकर उठ रहे सवालों पर अजय राय ने कहा कि सोनिया गांधी ने जो लिखा है, वह तथ्यों के आधार पर लिखा है। उन्होंने विश्वास जताया कि पाठकों को इस किताब से कई अहम पहलुओं को समझने का अवसर मिलेगा। ‘बनारस में किताब की उपलब्धता बताती है लोगों की दिलचस्पी’ अजय राय ने कहा कि दिल्ली में लॉन्च होने के अगले ही दिन बनारस के अस्सी घाट स्थित बुक सेलर्स के पास किताब उपलब्ध होना इस बात का संकेत है कि लोगों में इसे पढ़ने की उत्सुकता है। उन्होंने कहा कि बाबा विश्वनाथ की नगरी में लोग सोनिया गांधी के जीवन और संघर्ष को जानना चाहते हैं। किताब की कीमत 850 से 1200 रुपये के बीच होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि अभी इसकी शुरुआत हुई है। कांग्रेस की ओर से इसे अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा और आगे बड़ी संख्या में किताबें उपलब्ध कराई जाएंगी। विश्वनाथ कॉरिडोर पर बोले- विकास हो, विनाश नहीं काशी विश्वनाथ कॉरिडोर को लेकर पूछे गए सवाल पर अजय राय ने मोदी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विकास होना चाहिए, लेकिन विकास के नाम पर पुरानी विरासत और मंदिरों का विनाश नहीं होना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कॉरिडोर निर्माण के दौरान कई प्राचीन मंदिरों और धार्मिक धरोहरों को नुकसान पहुंचाया गया। अक्षयवट और अन्य मंदिरों को लेकर भी उन्होंने सवाल उठाए। उनका कहना था कि काशी की पहचान उसकी पुरानी गलियों, मंदिरों और धार्मिक विरासत से है, विकास के नाम पर इन्हें मिटाना उचित नहीं है। किताब में परिवार के निजी रिश्तों का भी जिक्र सोनिया गांधी की किताब में मेनका गांधी और परिवार के अन्य सदस्यों से जुड़े प्रसंगों के उल्लेख पर अजय राय ने कहा कि सोनिया गांधी ने अपने जीवन में जो देखा और अनुभव किया, उसे किताब में सामने रखा है। उन्होंने कहा कि गांधी परिवार को वह करीब से जानते हैं और सोनिया गांधी तथा राहुल गांधी झूठ नहीं बोल सकते। उनके मुताबिक, किताब में जो बातें लिखी गई हैं, उन्हें उसी संदर्भ में देखा जाना चाहिए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)