सपा ने भड़काऊ बयानों पर की कार्रवाई की मांग:सीओ से मिला प्रतिनिधिमंडल, सद्भाव बनाए रखने की अपील

Sep 25, 2026 - 21:20
0
सपा ने भड़काऊ बयानों पर की कार्रवाई की मांग:सीओ से मिला प्रतिनिधिमंडल, सद्भाव बनाए रखने की अपील
सम्भल जिले में कथित भड़काऊ बयानों को लेकर समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार शाम सीओ सम्भल से मुलाकात कर शिकायती पत्र सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने भाजपा नेता राजेश सिंघल और लोनी विधायक नंद किशोर गुर्जर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की। सपा जिलाध्यक्ष असगर अली अंसारी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल शाम करीब 6:30 बजे सीओ से मिला। शिकायती पत्र में आरोप लगाया गया कि 23 सितंबर को हजरतनगर गढ़ी थाना क्षेत्र के रहटोल गांव में आयोजित रामलीला कार्यक्रम के दौरान राजेश सिंघल ने कथित तौर पर ऐसा भाषण दिया, जिससे दूसरे समुदाय की इबादतगाह को लेकर विवादित माहौल बनने की आशंका है। सपा नेताओं का दावा है कि भाषण का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ। पत्र में यह भी आरोप लगाया गया कि 24 सितंबर को लोनी विधायक नंद किशोर गुर्जर ने राजेश सिंघल के कथित बयान का समर्थन किया और इबादतगाह तोड़ने पर पुष्पवर्षा की बात कही। सपा ने दोनों नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं, विधायक पुत्र सुहैल इकबाल ने नंद किशोर गुर्जर के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सम्भल का माहौल खराब करने की कोशिशों पर प्रशासन को संज्ञान लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि सम्भल की गंगा-जमुनी तहजीब को बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से विवादित बयानों पर ध्यान न देने और आपसी सद्भाव बनाए रखने की अपील की। सपा जिलाध्यक्ष असगर अली अंसारी ने कहा कि कुछ लोग राजनीतिक लाभ के लिए ऐसे बयान दे रहे हैं, जिससे सम्भल का माहौल प्रभावित हो सकता है। उन्होंने कहा कि सम्भल में लोग लंबे समय से मिल-जुलकर रहते आए हैं और पार्टी ऐसे किसी भी प्रयास को स्वीकार नहीं करेगी। इस दौरान असगर अली ने अपने क्षेत्र के लोगों को डराने के आरोपों को भी खारिज किया। उन्होंने कहा कि रहटोल उनके जिला पंचायत क्षेत्र में आता है और वहां हिंदू-मुस्लिम सभी समुदायों के लोगों के साथ उनका पुराना सामाजिक संबंध है। उन्होंने आरोपों को निराधार बताते हुए सद्भाव कायम रखने की बात कही।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User