सुबह धुंध की चादर में लिपटी काशी, हवा हुई जहरीली:AQI 297 पहुंचा, दुनिया के प्रदूषित शहरों में 45वें नंबर पर
काशी में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। सोमवार सुबह शहर के आसमान में धुंध छाई रही। सुबह की शुरुआत हल्की ठंड और धुंध के साथ हुई, लेकिन चिंता की बात यह है कि काशी की हवा लगातार जहरीली होती जा रही है। शहर का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 297 दर्ज किया गया। इसके साथ ही वाराणसी दुनिया के सबसे प्रदूषित शहरों की सूची में 45वें स्थान पर पहुंच गया है। सुबह शहर का तापमान 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा की रफ्तार पांच किलोमीटर प्रति घंटे रही, जबकि नमी 56 प्रतिशत रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों तक मौसम शुष्क रहेगा। इसके बाद तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है। इससे सुबह और रात में ठंड का असर बढ़ सकता है। हवा में घुला जहर, सांस लेना हो रहा मुश्किल मौसम में बदलाव के बीच प्रदूषण ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। शहर में PM2.5 का स्तर 222 माइक्रोग्राम प्रति घनमीटर और PM10 का स्तर 261 माइक्रोग्राम प्रति घनमीटर दर्ज किया गया। PM2.5 के सूक्ष्म कण सांस के जरिए फेफड़ों तक पहुंच सकते हैं। ऐसे में बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी बीमारियों से परेशान लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। छह साल में सबसे खराब स्थिति की ओर बढ़ा प्रदूषण आंकड़े बताते हैं कि वाराणसी में प्रदूषण का स्तर लगातार चिंता बढ़ा रहा है। वर्ष 2026 में शहर का औसत AQI 157 दर्ज किया गया, जो 2025 के 120 के मुकाबले करीब 31 प्रतिशत अधिक है। वर्ष 2020 में यह 120, 2021 में 124, 2022 में 103, 2023 में 82, 2024 में 86 और 2025 में 120 रहा था। वहीं, 14 नवंबर के पिछले पांच वर्षों के तुलनात्मक आंकड़ों में 2026 का AQI 249 के साथ दूसरा सबसे अधिक रहा। यह स्थिति बताती है कि काशी में सर्दी बढ़ने के साथ वायु प्रदूषण भी गंभीर चुनौती बनता जा रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)