ताज मेट्रोस्टेशन में दो संदिग्धों ने की घुसने की कोशिश:सुरक्षा गार्ड ने रोका, 85 सुरक्षा कर्मी मॉकड्रिल में हुए शामिल
ताजमहल मेट्रो स्टेशन पर दो हथियारबंद संदिग्धों के घुसने की कोशिश से सुरक्षा व्यवस्था अलर्ट हो गई। दोनों ने छोटे हथियार छिपाकर AFC एग्जिट गेट से स्टेशन में प्रवेश करने का प्रयास किया, लेकिन तैनात सुरक्षा गार्ड की सतर्कता से वे अंदर नहीं जा सके। इसके बाद दोनों कॉन्कोर्स एरिया में लिफ्ट के पास मशीन रूम और प्लेटफॉर्म की ओर जाने वाले इमरजेंसी गेट के अंदर छिप गए। हालांकि, यह पूरी घटना 13 नवंबर को आगरा मेट्रो की ओर से आयोजित मॉक ड्रिल का हिस्सा थी। मॉक ड्रिल के दौरान सुरक्षा गार्ड ने संदिग्धों को देखकर शोर मचाया। इसके बाद SSF के सुरक्षा कर्मी मौके पर पहुंचे। पाली प्रभारी अजीत सिंह ने SCR से समन्वय कर OCC को स्थिति की जानकारी दी। OCC ने तत्काल QRT टीम को मौके पर पहुंचने और कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही अन्य सुरक्षा कर्मियों को भी हथियारों और जरूरी संसाधनों के साथ मौके पर बुलाया गया। ग्राउंड फ्लोर पर बनाया बेस स्टेशन, अलग-अलग टीमों ने संभाली जिम्मेदारी पूरे ऑपरेशन को व्यवस्थित तरीके से अंजाम देने के लिए ग्राउंड फ्लोर पर बेस स्टेशन बनाया गया। यहां QRT सपोर्ट टीम, प्रोटेक्शन टीम, सर्च टीम और गिरफ्तारी टीम का गठन किया गया। प्रोटेक्शन टीम को स्टेशन पर अनावश्यक लोगों की आवाजाही रोकने की जिम्मेदारी दी गई। वहीं, स्टेशन पर तैनात SSF जवानों ने संदिग्धों के छिपे हुए स्थान को घेरकर रखा, ताकि वे भाग न सकें और स्टेशन को नुकसान न पहुंचा सकें। काफी मशक्कत के बाद सुरक्षा कर्मियों ने दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से दो पिस्टल, 35 कारतूस, एक टैक्टिकल टॉर्च और मेट्रो स्टेशन का नक्शा मिला। इसके बाद दोनों को स्थानीय पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। मेट्रो सेवाएं बाधित करने की थी साजिश मॉक ड्रिल में पूछताछ के दौरान दोनों संदिग्धों ने स्टेशन के महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों को नुकसान पहुंचाने, मेट्रो सेवाएं बाधित करने, प्रशासन की छवि खराब करने और आम लोगों में दहशत फैलाने के इरादे से स्टेशन में घुसने की बात कही। सुरक्षा बलों ने समय रहते कार्रवाई कर इस काल्पनिक हमले को विफल किया। 85 सुरक्षाकर्मियों ने लिया हिस्सा इस मॉक ड्रिल में प्रभारी निरीक्षक सुशांत गौर, निरीक्षक राजीव कुमार सहित 9 उपनिरीक्षक, 35 मुख्य आरक्षी और 17 आरक्षी शामिल रहे। इसके अलावा सुरक्षा आयुक्त, सुरक्षा अधिकारी और असिस्टेंट मैनेजर ऑपरेशन सहित करीब 85 कर्मचारियों ने हिस्सा लिया। इस अभ्यास का उद्देश्य आपात स्थिति में सुरक्षा बलों की तत्परता, आपसी समन्वय और त्वरित कार्रवाई की क्षमता को परखना था।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)