ताजमहल की शाही मस्जिद की छत पर पहुंचे दो विदेशी:प्रतिबंधित है क्षेत्र, VIDEO आया सामने, सुरक्षा कर्मियों ने देखते ही बुलाया नीचे
ताजमहल की सुरक्षा व्यवस्था में एक बार फिर चूक सामने आई है। बुधवार सुबह करीब 7:30 बजे दो विदेशी पर्यटक ताजमहल परिसर में स्थित शाही मस्जिद की छत तक पहुंच गए। यह प्रतिबंधित क्षेत्र है, जहां पर्यटकों का बिना अनुमति जाना मना है। जिस समय दोनों विदेशी पर्यटक छत पर पहुंचे, उस दौरान वहां सुरक्षा कर्मी मौजूद थे। सुरक्षाकर्मियों की नजर जैसे ही उन पर पड़ी, उन्होंने तुरंत दोनों को नीचे उतरने के लिए कहा और वहां से हटा दिया। इसके बावजूद प्रतिबंधित क्षेत्र तक पर्यटकों का पहुंच जाना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। ताजमहल परिसर में सुरक्षा के लिए सीआईएसएफ और अन्य सुरक्षाकर्मी तैनात रहते हैं। ऐसे में सुरक्षा कर्मियों की मौजूदगी के बावजूद विदेशी पर्यटकों का मस्जिद की छत तक पहुंचना गंभीर मामला है। ताजमहल उर्स कमेटी के अध्यक्ष ताहिरउद्दीन ताहिर ने घटना पर नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि मस्जिद के प्रतिबंधित हिस्से में पर्यटकों का पहुंचना गंभीर मामला है। ताजमहल जैसे अंतरराष्ट्रीय धरोहर स्थल की सुरक्षा में इस तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। जब परिसर में सीआईएसएफ और अन्य सुरक्षाकर्मी तैनात हैं, तो पर्यटक प्रतिबंधित क्षेत्र तक कैसे पहुंच गए? वहीं, इस मामले में एएसआई आगरा सर्किल की अधिकारी स्मिता एस. सिंह से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)