ट्रैक्टर की टक्कर से घायल बाइक सवार की मौत:टोडा गांव के पास हादसा; छह दिन इलाज के बाद रोहतक पीजीआई में दम तोड़ा, मुकदमा दर्ज
झिंझाना थाना क्षेत्र में ट्रैक्टर की टक्कर से घायल बाइक सवार सन्नी कुमार की इलाज के दौरान मौत हो गई। वह ड्यूटी से घर लौट रहा था। पुलिस ने उसके भाई की शिकायत पर ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है।
रामनगर-गुर्जरपुर निवासी शुभम कुमार ने पुलिस को बताया कि उसका भाई सन्नी कुमार 15 नवंबर को ऊन शुगर मिल (गागौर) से बाइक पर घर लौट रहा था। रात करीब 9:40 बजे टोडा गांव से आगे सामने से आ रहे महिंद्रा ट्रैक्टर ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी।
शिकायत के मुताबिक, ट्रैक्टर तेज गति और लापरवाही से चलाया जा रहा था। हादसे में सन्नी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके पीछे आ रहे रितिक पुत्र साहब सिंह ने ट्रैक्टर का नंबर नोट किया। आरोप है कि चालक घायल को देखकर मौके से भाग गया।
पुलिस और राहगीरों की मदद से सन्नी को ऊन सीएचसी ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उसे शामली जिला अस्पताल भेजा गया। वहां से उसे करनाल रेफर किया गया।
करनाल के दया अस्पताल में 15 से 17 नवंबर तक इलाज के बाद सन्नी को रोहतक पीजीआई के आईसीयू में भर्ती कराया गया। 21 नवंबर की रात उसकी मौत हो गई। पुलिस ने पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया।
22 नवंबर को अंतिम संस्कार और 24 नवंबर को फूल रस्म के बाद परिजन शुक्रवार को थाने पहुंचे। पुलिस ने शिकायत के आधार पर ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)