उधारी के 5 हजार रुपये मांगने पर सफाईकर्मी की हत्या:हरदोई में चारपाई के मचवे से हमला कर मार डाला, भीड़ तमाशा देखती रही

Nov 14, 2026 - 20:53
0
उधारी के 5 हजार रुपये मांगने पर सफाईकर्मी की हत्या:हरदोई में चारपाई के मचवे से हमला कर मार डाला, भीड़ तमाशा देखती रही
हरदोई जनपद के पिहानी कोतवाली क्षेत्र के अब्दुल्लानगर गांव में होली चौराहे पर उधारी के पांच हजार रुपये वापस मांगने पर एक नशे में धुत शख्स ने सफाई कर्मी की चारपाई के मचवे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी मचवा लेकर मौके से फरार हो गया। मृतक के भतीजे की शिकायत पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। घटना शनिवार शाम करीब 4:00 की है। जिला मुख्यालय से घटना स्थल की दूरी करीब 40 किलोमीटर है। पिहानी के अब्दुल्लानगर निवासी 45 वर्षीय मोतीलाल वाल्मीकि गांव में साफ-सफाई का काम करते थे। उनके भतीजे शानू कुमार ने बताया कि सरेहजू निवासी रामवीर वाल्मीकि ने दिवाली से एक दिन पहले मोतीलाल से पांच हजार रुपये उधार लिए थे। शनिवार शाम रामवीर होली चौराहे पर शराब के नशे में खड़ा था। उसी दौरान वहां से गुजरे मोतीलाल ने अपने रुपये वापस मांगे। रुपये मांगने पर रामवीर भड़क गया। आरोपी वहीं विवाद करने लगा। उसने पास ही रखी चारपाई का मचवा उठाकर मोतीलाल पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के समय होली चौराहे पर भारी भीड़ मौजूद थी, लेकिन लोग तमाशबीन बने रहे और किसी ने भी मोतीलाल को बचाने की कोशिश नहीं की। आरोपी रामवीर ने जब यह सुनिश्चित कर लिया कि मोतीलाल की मौत हो चुकी है, तो वह हाथ में मचवा लेकर भीड़ के बीच से आसानी से भाग निकला। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और लहूलुहान मोतीलाल को नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। कोतवाल एसएन सिंह ने बताया कि मृतक के भतीजे शानू की शिकायत पर आरोपी रामवीर के खिलाफ हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User