विकास भवन में 30 अधिकारियों, कर्मचारियों का कटेगा वेतन:CDO की औचक जांच में अनुपस्थित मिले; लेट आने वालों से मांगा गया स्पष्टीकरण
मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक कुमार ने शनिवार को विकास भवन में स्थित कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कई अधिकारी व कर्मचारी अनुपस्थित मिले। ऐसे 30 अधिकारियों व कर्मचारियों का का एक दिन का वेतन बाधित करने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने इन अधिकारियों से स्पष्टीकरण भी तलब किया है। औचक निरीक्षण के दौरान जिला पूर्ति अधिकारी, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी, पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी तथा अधिशासी अभियंता, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग सहित विभिन्न कार्यालयों के अधिकारी एवं कर्मचारी निर्धारित समय पर उपस्थित नहीं मिले। एक साथ कई विभागों में इस प्रकार की अनुपस्थिति को गंभीरता से लेते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति नाराजगी व्यक्त की और जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक कुमार ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी निर्धारित समय पर अनिवार्य रूप से कार्यालय पहुंचें तथा कार्यालय अवधि के दौरान अपनी जिम्मेदारियों का पूरी गंभीरता से निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि कार्यालयों में आने वाले फरियादियों एवं आम नागरिकों की समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके साथ ही विभागीय कार्यों को भी अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासकीय कार्यालयों में अनुशासन, समयबद्ध उपस्थिति और कार्यों के प्रति जवाबदेही में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपनी कार्यशैली में गंभीरता लाएं और शासन की मंशा के अनुरूप आमजन को बेहतर प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। सांसद-विधायक निधि के लंबित कार्यों पर दिखाई सख्ती सांसद निधि एवं विधायक निधि से कराए जा रहे विकास कार्यों में अनावश्यक देरी और वर्षों से लंबित परियोजनाओं को लेकर मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक कुमार ने कड़ा रुख अपनाया है। विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान कई परियोजनाएं डेढ़ से दो वर्षों से लंबित पाए जाने पर उन्होंने गहरी नाराजगी व्यक्त की तथा संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनप्रतिनिधियों की निधि से कराए जा रहे विकास कार्यों में लापरवाही और अनावश्यक विलंब किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)