सहारनपुर में इंस्पेक्टर की ऑफिस में कारोबारी को धमकाया:आरोपी बोला-गोली मारकर जेल चला जाऊंगा, सदर बाजार थाने में समझौते की बातचीत के दौरान राहुल ने दिखाई दबंगई

Nov 28, 2026 - 18:46
0
सहारनपुर में इंस्पेक्टर की ऑफिस में कारोबारी को धमकाया:आरोपी बोला-गोली मारकर जेल चला जाऊंगा, सदर बाजार थाने में समझौते की बातचीत के दौरान राहुल ने दिखाई दबंगई
सहारनपुर में अपराधियों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसका एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां सदर बाजार थाने में इंस्पेक्टर के कार्यालय में ही एक आरोपी ने पीड़ित कारोबारी को गोली मारने की धमकी दे दी। पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में आरोपित ने खुलेआम कहा कि गोली मारकर जेल चला जाऊंगा। इतना ही नहीं, उसने पीड़ित के साथ गाली-गलौच करते हुए अभद्र व्यवहार भी किया। थाने के अंदर हुई इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली और अपराधियों में कानून के डर को लेकर सवाल उठने लगे हैं। मामला हसनपुर चुंगी के नजदीक स्थित महादेव कॉलोनी का है। यहां रहने वाले अमन यादव की कृष्णा एंटरप्राइजेज के नाम से प्लाईवुड की दुकान है। जानकारी के मुताबिक, कुछ दिन पहले पांच से छह नकाबपोश युवक उनकी दुकान पर पहुंचे थे। आरोप है कि युवकों ने लाठी-डंडों से दुकान पर हमला कर दिया और वहां जमकर हंगामा किया। अचानक हुए इस हमले से इलाके में भी अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। दुकान पर हमले का वीडियो भी पहले इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसके बाद यह मामला चर्चा में आया था। समझौते के लिए थाने पहुंचा था आरोपी पक्ष दुकान पर हुए हमले के मामले में दोनों पक्षों के बीच समझौते को लेकर बातचीत चल रही थी। इसी सिलसिले में आरोपी पक्ष की ओर से राहुल नाम का व्यक्ति सदर बाजार थाने पहुंचा था। बताया जाता है कि बातचीत थाना प्रभारी निरीक्षक नेमचंद के कार्यालय में हो रही थी। इस दौरान पीड़ित कारोबारी अमन यादव भी मौजूद थे। आरोप है कि बातचीत के दौरान राहुल अचानक अपना आपा खो बैठा। उसने अमन यादव के साथ गाली-गलौच शुरू कर दी और अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करने लगा। मामला यहीं नहीं रुका, बल्कि उसने पुलिस के सामने ही पीड़ित को जान से मारने की धमकी दे डाली। आरोपी ने कहा कि वह गोली मारकर जेल चला जाएगा। थाने के अंदर पुलिस की मौजूदगी में इस तरह की धमकी दिए जाने से वहां मौजूद लोगों के बीच भी हैरानी का माहौल बन गया। पुलिस के सामने ही दिखाए तेवर, वीडियो वायरल इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला फिर सुर्खियों में आ गया है। वीडियो में आरोपी राहुल पीड़ित के साथ तीखी बहस, गाली-गलौच और अभद्रता करता दिखाई दे रहा है। उसके तेवर देखकर लोग सवाल उठा रहे हैं कि जब थाने के अंदर और पुलिस अधिकारियों के सामने ही कोई व्यक्ति इस तरह खुलेआम जान से मारने की धमकी दे सकता है, तो आम आदमी अपनी सुरक्षा को लेकर किस पर भरोसा करे। थाना प्रभारी बोले- दोनों पक्षों में हो गया था समझौता इस मामले में सदर बाजार थाना प्रभारी निरीक्षक नेमचंद का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया था। हालांकि, थाने के अंदर दी गई जान से मारने की धमकी और वायरल वीडियो की जांच की जा रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User