पिछड़े वर्ग की स्थिति जानने प्रयागराज पहुंचे समर्पित आयोग अध्यक्ष:पंचायत प्रतिनिधियों से जुटाए तथ्य और सुझाव

Nov 28, 2026 - 18:46
0
पिछड़े वर्ग की स्थिति जानने प्रयागराज पहुंचे समर्पित आयोग अध्यक्ष:पंचायत प्रतिनिधियों से जुटाए तथ्य और सुझाव
आगामी त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों के मद्देनजर पिछड़े वर्ग की वास्तविक सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक स्थिति का आकलन करने के लिए उत्तर प्रदेश राज्य स्थानीय ग्रामीण निकाय समर्पित पिछड़ा वर्ग आयोग ने शनिवार को प्रयागराज में जनप्रतिनिधियों के साथ संवाद किया। आयोग के अध्यक्ष न्यायमूर्ति राम औतार सिंह और सदस्यों ने सर्किट हाउस में पंचायत प्रतिनिधियों से उनके क्षेत्रों में पिछड़े वर्ग की स्थिति, सामाजिक-आर्थिक परिस्थितियों और पंचायतों में उनकी राजनीतिक भागीदारी के बारे में जानकारी ली। प्रतिनिधियों के अनुभवों, मौखिक विचारों और लिखित सुझावों को भी संकलित किया गया। आयोग अध्यक्ष की अध्यक्षता में हुई बैठक में सदस्य बृजेश कुमार, संतोष कुमार विश्वकर्मा और एसपी सिंह ने जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीके सिंह, क्षेत्र पंचायत प्रमुखों, जिला पंचायत सदस्यों, ग्राम प्रधान प्रशासकों और क्षेत्र पंचायत सदस्यों से संवाद किया। आयोग ने जनप्रतिनिधियों को अपना पक्ष रखने का अवसर दिया और स्थानीय स्तर पर पिछड़े वर्ग की स्थिति से जुड़े उनके अनुभवों एवं सुझावों को गंभीरता से सुना। बैठक में प्रयागराज की भौगोलिक परिस्थितियों, विभिन्न विकासखंडों की संरचना और ग्रामीण क्षेत्रों की सामाजिक एवं जनसांख्यिकीय विविधता पर विशेष चर्चा हुई। पंचायतों में पिछड़े वर्ग की भागीदारी और प्रतिनिधित्व की वास्तविक स्थिति को लेकर जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्र के अनुभव साझा किए। आरक्षण की संवैधानिक व्यवस्था के संदर्भ में स्थानीय परिस्थितियों से जुड़े सुझाव भी रखे। प्रतिनिधियों ने मौखिक पक्ष रखने के साथ लिखित अभिमत और सुझाव भी आयोग को सौंपे। आयोग ने इन सुझावों और प्राप्त अभिलेखों को आगे के अध्ययन के लिए संकलित किया। आयोग के इस दौरे का उद्देश्य स्थानीय स्तर पर पिछड़े वर्ग की वास्तविक परिस्थितियों को समझना और पंचायतों में उसके प्रतिनिधित्व से जुड़े अनुभवजन्य तथ्य जुटाना है। इन जानकारियों के अध्ययन के आधार पर आयोग अपनी आगे की प्रक्रिया और संस्तुतियों को आकार देगा। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह और जिला पंचायत राज अधिकारी रवि शंकर द्विवेदी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User