वनवासियों के साथ दीपावली मनाएंगे CM:देंगे 78 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात

Nov 07, 2026 - 09:53
0
वनवासियों के साथ दीपावली मनाएंगे CM:देंगे 78 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात
वनटांगियों के जीवन में खुशहाली का प्रकाश लाने वाले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हर दीपपर्व की भांति इस बार भी उनकी उम्मीदों के दीपक में अपनत्व का तेल भर भरोसे की बाती प्रज्ज्वलित करने आ रहे हैं। बतौर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की यह लगातार 10वीं दीपावली होगी जब वह 100 साल तक उपेक्षा के अंधेरे में जीने की विवश रहे वनटांगिया समुदाय के बीच पर्व की खुशियां बाटेंगे। हालांकि वनटांगियों की आस में उजास लाने का यह अखंड सिलसिला उन्होंने बतौर सांसद वर्ष 2009 की दीपावली से ही प्रारंभ कर दिया था। 8 नवंबर (रविवार) को मुख्यमंत्री वनवासियों के साथ दीपावली मनाने के साथ 78 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात देंगे। वनटांगिया गांव जंगल तिकोनिया नंबर 3 में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन का उल्लास छाया हुआ है। योगी और वनटांगिए एक-दूजे संग अटूट नाता जोड़ चुके हैं। वनटांगिया गांव जंगल तिकोनिया नंबर तीन में हर साल दीपावली मनाने वाले मुख्यमंत्री के प्रयासों से इस गांव समेत गोरखपुर-महराजगंज के 23 गांवों और प्रदेश की सभी वनवासी बस्तियों में विकास और हक-हुकूक का अखंड दीप जल रहा है। वास्तव में कुसम्ही जंगल स्थित वनटांगिया गांव जंगल तिकोनिया नंबर तीन एक ऐसा गांव है जहां दीपोत्सव पर हर दीप "योगी बाबा" के नाम से ही जलता है। साल दर साल यह परंपरा ऐसी मजबूत हो गई है कि साठ साल के बुर्जुर्ग भी बच्चों सी जिद वाली बोली बोलते हैं, बाबा नहीं आएंगे तो दीया नहीं जलाएंगे। वनटांगिया गांव में मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासन ने सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं तो गांव के लोग भी उमंग-तरंग के साथ स्वागत को तैयार हैं। 78 करोड़ रुपये का दिवाली गिफ्ट देंगे सीएम योगी 8 नवंबर को वनटांगिया गांव जंगल तिकोनिया नंबर तीन में दीपपर्व मनाने के साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जिले की कई ग्राम पंचायतों को 78 करोड़ रुपये का दिवाली गिफ्ट भी देंगे। सीएम इस अवसर पर 74.12 करोड़ की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास एवं 3.88 करोड़ रुपये की लागत वाली विकास परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे। इन विकास परियोजनाओं में अधिकांश विभिन्न गांवों में बुनियादी सुविधाओं के विकास के कार्य हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User