यूपी दिनभर, 15 बड़ी खबरें:आजम बोले- जेल में ही मर जाऊंगा; गडकरी ने कहा- ठेकेदारों को रगड़ दूंगा; कुर्सी से बांधकर पत्नी को जलाया
नमस्कार, आज की सबसे बड़ी खबर आजम खान की जमानत याचिका पर सुनवाई से सुप्रीम कोर्ट के इनकार को लेकर है। वहीं, दूसरी खबर जौनपुर पहुंचे केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के 100 प्रतिशत एथेनॉल से चलने वाली गाड़ी के लॉन्च के ऐलान से जुड़ी है। आइए, सिलसिलेवार तरीके से जानते हैं कि यूपी में दिनभर क्या कुछ खास रहा... पहले टॉप 5 खबरें... 1- आजम बोले- वो चुनाव में मुझे अंदर रखना चाहते, ऐसे तो जेल में ही मर जाऊंगा सपा नेता आजम खान की जमानत याचिका पर सुनवाई से सुप्रीम कोर्ट ने इनकार कर दिया। कोर्ट ने गुरुवार को याचिका इलाहाबाद हाईकोर्ट ट्रांसफर कर दी। आजम ने कहा- मुझे जमानत चाहिए। मैं 80 साल का हूं। ईडी के अलावा 28 अन्य मामलों में गिरफ्तार किया गया। ऐसे तो मेरी मौत जेल में ही हो जाएगी। कोर्ट ने हाईकोर्ट से कहा कि मामले को 16 नवंबर से पहले सुनवाई करें। ईडी ने आजम को रामपुर जेल से निकलते ही गिरफ्तार किया था। पूरी खबर पढ़ें 2- गडकरी बोले- 2 लाख करोड़ से नई सड़कें बनाएंगे, काम खराब हुआ तो रगड़ दूंगा जौनपुर में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा- मैं किसान हूं। चार चीनी मिलें चलाता हूं। मेरे इलाके के 10 लोकसभा क्षेत्रों में कोई मेरी फोटो लगाए बिना जीतता नहीं है। सभी मेरी फोटो लगाते हैं। अब किसान अन्नदाता नहीं उर्जादाता होगा। मैं इसी महीने 100 प्रतिशत एथेनाल से चलने वाली इनोवा गाड़ी लॉन्च कर रहा हूं। चेताया कि अगर काम खराब होगा तो ठेकेदार को रगड़ दूंगा। दोबारा काम नहीं कर सकोगे। पूरी खबर पढ़ें 3- हरदोई में कफ सिरप पीकर सोई बच्ची की मौत, मां जगाने पहुंची तो पता चला हरदोई में कफ सिरप पीने से 4 साल की बच्ची की मौत हो गई। वह माता-पिता के साथ फुफेरे भाई के नामकरण संस्कार में गई थी। वहां गलती से दादी का कफ सिरप पी लिया और सोने चली गई। घरवालों को लगा कि बच्ची थक गई है, इसलिए उसे नहीं उठाया। सुबह देर तक नहीं जागी तो मां उसे उठाने पहुंची। कोई हरकत नहीं होने पर परिजन मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पूरी खबर पढ़ें 4- लखनऊ में दो बेटियों की लाश देखकर पिता फूट-फूटकर रोए, बोले- जिगर का टुकड़ा थीं उत्तराखंड में जान गंवाने वाली लखनऊ की दो सगी बहनों के शव घर पहुंचे। गुरुवार सुबह शव पहुंचते ही चीख-पुकार मच गई। पिता फूट-फूटकर रोने लगे। कहा- ये मेरी बेटियां नहीं, मेरा नूर थीं। जिगर का टुकड़ा थीं। दोनों एक साथ हमें छोड़कर चली गईं। वर्तिका और दीपिका को पहाड़ों पर ट्रेकिंग का शौक था। दोनों भारत-नेपाल के कई ट्रेक पूरे कर चुकी थीं। परिवार को जानकारी सोशल मीडिया से मिली थी। पूरी खबर पढ़ें 5- मायावती बोलीं- 6 दिसंबर को पूरा लखनऊ भर देंगे, रैली सारे रिकॉर्ड तोड़ेगी मायावती ने गुरुवार को लखनऊ में पदाधिकारियों के साथ बैठक की। 6 दिसंबर को डॉ. अंबेडकर की पुण्यतिथि पर लखनऊ में रैली होगी। मायावती ने कहा- रैली ऐतिहासिक होगी। अब तक के सभी रिकॉर्ड तोड़ेगी। उस दिन मैदान ही नहीं, बल्कि पूरे लखनऊ को लोगों से भर देंगे। बैठक में प्रत्याशियों, दावेदारों और आकाश आनंद की रैलियों में भीड़ जुटाने पर भी चर्चा हुई। आकाश आनंद ने पैर छूकर बुआ का आशीर्वाद लिया। उधर, बसपा कार्यालय के पास 'दोगलों से सावधान' लिखे पोस्टर लगाए गए। पूरी खबर पढ़ें अब अहम 8 खबरें... 6- बाराबंकी में हिंदू महासभा के प्रदेश उपाध्यक्ष ने जान दी, राइफल से गोली मार ली बाराबंकी में अखिल भारतीय हिंदू महासभा के प्रदेश उपाध्यक्ष अनुपम कुमार सिंह (38) ने गोली मारकर सुसाइड कर लिया। रात 3 बजे गोली की आवाज सुनकर परिजन बाहर आए तो वह बरामदे में खून से लथपथ मिले। पास में उनकी लाइसेंसी रायफल पड़ी थी। परिजनों के मुताबिक, वह एक महीने से किसी बात को लेकर तनाव में थे। कहीं जाते-आते भी नहीं थे। पुलिस ने रायफल कब्जे में ली है। पूरी खबर पढ़ें 7- गाजियाबाद में योगी बोले- राहुल बार-बार फेल होने वाले लड़के जैसे, हारने पर कहते EVM खराब गाजियाबाद में सीएम योगी ने कहा- राहुल गांधी की स्थिति बार-बार फेल होने वाले उस लड़के जैसी है, जो नाकामी का नया बहाना बनाता है। जीतने पर मेहनत का श्रेय लेते हैं और हारने पर EVM को दोष देते हैं। कांग्रेस ने 1975 में आपातकाल लगाया। आज वही लोकतंत्र की बात कर रही। ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ पदयात्रा के पहले जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने 1.6 किलोमीटर पैदल यात्रा की। पूरी खबर पढ़ें 8- कन्नौज में पत्नी को कुर्सी से बांधकर जिंदा जलाया, अफेयर का शक, बच्चों को लेकर भागा कन्नौज में पति ने पत्नी को कुर्सी से बांधकर पेट्रोल डाला और जिंदा जला दिया। आरोप है कि वह पत्नी के चरित्र पर शक करता था। गुरुवार सुबह वारदात के बाद पति सुखबीर सिंह उर्फ मोनू दोनों बच्चों को लेकर भाग गया। पड़ोसियों की सूचना पर पहुंची पुलिस और दमकल टीम ने डेढ़ घंटे में आग पर काबू पाया। घर के अंदर सोनम (32) का कंकाल मिला। सुखबीर ने 11 साल पहले उससे लव मैरिज की थी। पूरी खबर पढ़ें 9- मथुरा में पिता, बेटे और नाती को कार ने कुचला, पूर्वजों की समाधि बनवा रहे थे मथुरा में बेकाबू कार ने खेत में काम कर रहे एक ही परिवार के 3 लोगों को कुचल दिया। हादसे में पिता, बेटे और नाती की मौके पर मौत हो गई। गुरुवार सुबह बरेली हाईवे पर तेज रफ्तार कार सड़क से उतरकर खेत में घुस गई। वहां जवाहर सिंह (70), उनके बेटे हरवीर (30) और नाती अंकित (24) पूर्वजों की समाधि बनवा रहे थे। हादसे में कार ड्राइवर भी गंभीर घायल हुआ। गुस्साए ग्रामीणों ने हाईवे जाम कर दिया। पूरी खबर पढ़ें 10- राजभर ने पूछा-अखिलेश मुर्दा आदमी हैं कि जिंदा?, मंत्री के घर पहुंचे नितिन नवीन मंत्री राजभर ने सपा प्रमुख को सड़क पर आकर पौरुष दिखाने की चुनौती दी। उन्होंने अखिलेश को 'ट्विटर वाला नेता' बताते हुए कहा कि ट्वीट करने के बजाय धीरेंद्र शास्त्री के कार्यक्रमों के खिलाफ प्रदेशव्यापी आंदोलन करें। राजभर ने कहा- मुर्दा हैं या जिंदा, दम है तो सड़क पर आकर दिखाएं। दरअसल, धीरेंद्र शास्त्री के कृष्ण पर बयान को लेकर उन्हें मथुरा-ब्रज में नहीं घुसने देने की बात कही थी। पूरी खबर पढ़ें 11- केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान बोले-जब तक जिंदा हूं, संविधान पर आंच नहीं आने दूंगा केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने काशी में आरक्षण, संविधान और सामाजिक न्याय के मुद्दे पर कहा कि कुछ राजनीतिक दल संविधान और सामाजिक न्याय की बात तो करते हैं, लेकिन जब लोगों को उनका अधिकार देने की बात आती है, तब उनकी आवाज खामोश हो जाती है। जबतक जिंदा हूं संविधान पर आंच नहीं आने दूंगा। कहा- यूपी में हमारे विधायक जब जीतेंगे तो युवा आयोग बनेगा। पूरी खबर पढ़ें 12- हाथरस में पति-पत्नी की जिंदा जलकर मौत, घर में सो रहे थे, बेड पर मिले शव हाथरस में बुधवार रात घर में लगी भीषण आग में सो रहे पति-पत्नी की जिंदा जलकर मौत हो गई। दोनों के शव बेड पर मिले। रात 2 बजे मकान से लपटें और धुआं उठता देखकर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। दमकलकर्मियों ने दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी थी। परिवार सिलाई का काम करता था और त्योहार के चलते घर में काफी माल रखा था। पूरी खबर पढ़ें 13- गाजीपुर में 3 बच्चों को जहर देकर मारने वाली मां को उम्रकैद, चाय में सल्फास दिया गाजीपुर में पति से विवाद के बाद तीन बच्चों को चाय में सल्फास खिलाने वाली मां को कोर्ट ने उम्रकैद की सजा सुनाई। इसके साथ ही उसपर 50 हजार का जुर्माना लगाया गया है। तीन नंवबर को जज ने महिला को दोषी करार दिया था। महिला को आज अपर जिला सत्र न्यायाधीश फर्स्ट शक्ति सिंह की कोर्ट में सजा सुनाई। मामला 15 अगस्त 2022 का है। चौथा बच्चा बच गया था। पूरी खबर पढ़ें खबर जो हटकर है... 14- रिटायर्ड अधिकारी के घर 25 लाख की चोरी, चोर रिवाल्वर छोड़ गए कानपुर में रक्षा मंत्रालय के रिटायर्ड अधिकारी के घर से चोर 25 लाख का माल समेट ले गए, लेकिन अलमारी में रखी लाइसेंसी पिस्टल छोड़ गए। चोरों ने किदवई नगर में चौकी से महज 50 मीटर दूर वारदात की। वह अपने परिवार के साथ शादी में सुल्तानपुर गए थे। चोरों ने ताला तोड़ा, लॉकर खंगाला और 3 लाख रुपए कैश, सोने-चांदी के सिक्के-जेवर चोरी कर लिए। पूरी खबर पढ़ें कल क्या रहेगा खास... 15- सीएम योगी देंगे 4 हजार दरोगाओं को नियुक्ति पत्र 6 नवंबर को सीएम योगी आदित्यनाथ, यूपी पुलिस के 4,000 से अधिक सब-इंस्पेक्टर्स को नियुक्ति पत्र देंगे। कार्यक्रम लखनऊ के लोकभवन में होगा। कल शाम 7 बजे फिर होगी मुलाकात…
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)