'यूपी में पहले उपद्रव था, अब उत्सवों से बनी पहचान':सीएम बोले- अयोध्या ने दुनिया को दीपावली दी, लेकिन 2017 से पहले वहां अंधेरा था

Nov 15, 2026 - 20:39
0
'यूपी में पहले उपद्रव था, अब उत्सवों से बनी पहचान':सीएम बोले- अयोध्या ने दुनिया को दीपावली दी, लेकिन 2017 से पहले वहां अंधेरा था
सीएम योगी ने कहा कि जिस अयोध्या ने देश और दुनिया को दीपावली दी, वहां 2017 से पहले दीपावली का कोई आयोजन नहीं होता था। वहां दीपक तले अंधेरा था। सरकार बनने के बाद अधिकारियों से कहा कि अयोध्या में भव्य दीपोत्सव होना चाहिए। आज 2017 से पहले का उपद्रव वाला उत्तर प्रदेश उत्सवों के लिए पहचाना जा रहा है। पिछली सरकार ने ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन माफिया’ दिया था, हमने ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट’ दिया है। रविवार को गोमतीनगर स्थित केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय में आयोजित ‘गोमती उत्सव-2026’ में मुख्यमंत्री ने कहा कि गोमती लखनऊ की आत्मा है। इसकी अविरलता और निर्मलता बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। गोमती उत्सव की शुरुआत नदी को स्वच्छ बनाने के संकल्प से होनी चाहिए। उन्होंने गोमती गौरव सम्मान से सम्मानित विभूतियों को बधाई भी दी। दीपोत्सव को एक दिन यूनेस्को भी देगा मान्यता मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार अयोध्या का दीपोत्सव दो दिनों तक देश-दुनिया में छाया रहा। यह दुनिया का सबसे अच्छा आयोजन रहा। अपनी आस्था और परंपराओं को वैश्विक पहचान दिलाने का यही तरीका है। दीपोत्सव इसी भव्यता के साथ आगे बढ़ता रहा तो एक दिन यूनेस्को भी इसे मान्यता देगा। ऐसी मान्यता तभी मिलती है, जब आयोजन से लोक आस्था, परंपराएं और आमजन जुड़ते हैं। उन्होंने कहा कि भारत आस्था का देश है। खान-पान, रहन-सहन और वेशभूषा अलग होने के बावजूद उत्तर से दक्षिण और पूर्व से पश्चिम तक लोगों की आस्था एक है। सभी एक भारत, श्रेष्ठ भारत और सुरक्षित भारत चाहते हैं। सीएम योगी ने कहा कि आज एक ही कमरे में बैठे परिवार के चार सदस्य भी स्मार्टफोन पर अलग-अलग दिशाओं में व्यस्त रहते हैं। यह एकांगीपन तनाव और अवसाद का कारण बनता है। आगे चलकर इससे अपराध और अराजकता भी बढ़ती है। परिवार और समाज को जोड़ने के लिए ऐसे आयोजनों की जरूरत है। गोमती उत्सव भी लोगों को एक साथ आने का अवसर देता है। दिसंबर तक गोमती में गिरने वाले नालों को टैप करने का लक्ष्य मुख्यमंत्री ने गोमती की सफाई को लेकर कहा कि नदी में गिरने वाले नालों और सीवर को टैप कर एसटीपी तक पहुंचाया जा रहा है। नए एसटीपी बनाए जा रहे हैं, जिनमें ज्यादातर का काम पूरा हो चुका है। सरकार ने दिसंबर तक संबंधित काम पूरा करने का लक्ष्य रखा है। उन्होंने कहा कि गोमती की अविरलता और निर्मलता बनाए रखने के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा। माताएं-बहनें अपने व्यंजनों से खड़ी कर सकती हैं नेस्ले जैसी कंपनी सीएम योगी ने स्थानीय खानपान को बढ़ावा देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि उत्सव में स्थानीय व्यंजनों को भी शामिल किया जाना चाहिए। माताएं-बहनें इतने अच्छे व्यंजन बना सकती हैं कि अपनी कंपनी खड़ी कर सकें। उन्होंने खाद्य पदार्थों की आपूर्ति करने वाली कंपनी नेस्ले का उदाहरण देते हुए कहा कि उसका सालाना टर्नओवर नौ लाख करोड़ रुपये से अधिक है। भारतीय व्यंजनों की गुणवत्ता और स्वाद दुनिया तक पहुंचे तो इनकी मांग भी बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि सरकार ने स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट’ योजना शुरू की। खानपान के लिए ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन कुजीन’ की दिशा में काम होना चाहिए। सिंगल यूज प्लास्टिक छोड़ें, खरीदारी के लिए झोला लेकर जाएं मुख्यमंत्री ने लोगों से सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल बंद करने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्लास्टिक पर्यावरण और स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक है। खरीदारी के लिए घर से झोला या कैरी बैग लेकर जाएं। मंदिरों में भी प्लास्टिक न फेंकें। प्लास्टिक खाने से गायों और दूसरे पशुओं को नुकसान होता है। नदियों में पहुंचकर यह जल को दूषित करता है और पानी का प्रवाह रोकता है। उन्होंने कहा कि गोमती उत्सव में स्थानीय कारीगरों, हस्तशिल्पियों, कलाकारों और लोक परंपराओं को आगे बढ़ाने वालों को सम्मानित किया जाना चाहिए। गोमती संरक्षण में योगदान देने वाले लोगों को भी मंच मिलना चाहिए। आयोजन को पर्यटन और संस्कृति विभाग से जोड़ने की बात भी कही। कार्यक्रम में गोमती उत्सव समिति के मुख्य संरक्षक राजीव मिश्र, अध्यक्ष रामकृष्ण यादव, केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय लखनऊ परिसर के निदेशक सर्वनारायण झा, न्यायमूर्ति रंगनाथ पांडे, KGMU की कुलपति प्रो. सोनिया नित्यानंद, कवि सर्वेश अस्थाना, पार्षद मालती यादव और आत्मप्रकाश मिश्र समेत अन्य लोग मौजूद रहे। इन्हें मिला गोमती गौरव सम्मान सुनीता मिश्रा, राजेश पांडे, डॉ.सुनीता चंद्रा, जयंत कृष्णा, आत्मप्रकाश मिश्र, विनोद मिश्र, अंबिका वाजपेई, सुमित रूंगटा, सूर्यमणि सिंह रैकवार, डॉ.आनंद प्रकाश, प्रो.सोनिया नित्यानंद, संदीप तिवारी, न्यायमूर्ति रंगनाथ पांडे, सुरेश बहादुर सिंह और अतुल अग्निहोत्री।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User