युवाओं के लिए संविधान की पाठशाला लगाएगी BJP:कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्रीय अध्यक्ष बोले- 26 नवंबर से शुरू करेगी 4 दिवसीय अभियान

Nov 25, 2026 - 19:16
0
युवाओं के लिए संविधान की पाठशाला लगाएगी BJP:कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्रीय अध्यक्ष बोले- 26 नवंबर से शुरू करेगी 4 दिवसीय अभियान
भारतीय जनता पार्टी युवाओं को बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों और संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक करने के लिए कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र में 4 दिवसीय संविधान गौरव अभियान चलाएगी। 26 से 29 नवंबर तक चलने वाले इस अभियान के तहत कॉलेजों, विश्वविद्यालयों और उच्च शिक्षण संस्थानों में संगोष्ठियां आयोजित की जाएंगी। इनमें सांसद और राज्यसभा सदस्य विद्यार्थियों के बीच पहुंचकर संविधान के मूल सिद्धांतों, सामाजिक न्याय और समानता पर चर्चा करेंगे। भाजपा कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के अध्यक्ष राम किशोर साहू ने बताया कि अभियान में खासतौर पर 18 से 25 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को जोड़ा जाएगा। 26, 27, 28 या 29 नवंबर में से किसी एक दिन प्रमुख शिक्षण संस्थानों में कार्यक्रम होंगे। इनमें सांसद, कुलपति, प्रोफेसर, पूर्व छात्र और विद्यार्थी वक्ता के रूप में शामिल होंगे। अंबेडकर के चित्र पर पुष्पांजलि से होगी शुरुआत संगोष्ठियों की शुरुआत बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर होगी। इसके बाद संविधान के ऐतिहासिक संदर्भों, मौलिक सिद्धांतों, नागरिक अधिकारों, सामाजिक न्याय और समानता जैसे विषयों पर चर्चा की जाएगी। कांग्रेस के कार्यकाल और मोदी सरकार के प्रयासों पर भी होगी चर्चा भाजपा की ओर से जारी कार्यक्रम की रूपरेखा में कांग्रेस सरकारों के कार्यकाल में संविधान के कथित दुरुपयोग और बाबा साहेब की उपेक्षा से जुड़े पार्टी के दृष्टिकोण पर भी चर्चा की जाएगी। साथ ही केंद्र की मोदी सरकार की ओर से संविधान और डॉ. अंबेडकर की विरासत के सम्मान में किए गए प्रयासों की जानकारी भी दी जाएगी। जिला कार्यालयों में भी होंगे कार्यक्रम 26 नवंबर को सभी भाजपा जिला कार्यालयों में बाबा साहेब के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी ने बताया कि कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में होने वाली संगोष्ठियों का नेतृत्व सांसद एवं राज्यसभा सदस्य करेंगे। अभियान के संचालन और समन्वय की जिम्मेदारी क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अखिलेश नाथ दीक्षित को सौंपी गई है। संविधान के प्रति युवाओं को जागरूक करना उद्देश्य क्षेत्रीय अध्यक्ष राम किशोर साहू ने कहा कि संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था, सामाजिक न्याय, समानता और राष्ट्रीय एकता की आधारशिला है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2015 से 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत हुई। उन्होंने कहा कि संविधान केवल एक दस्तावेज नहीं, बल्कि नागरिकों के अधिकारों, कर्तव्यों और लोकतांत्रिक मूल्यों का जीवंत आधार है। मीडिया क्षेत्रीय संयोजक अनूप अवस्थी ने क्षेत्रीय पदाधिकारियों, जिला प्रभारियों और जिला अध्यक्षों से अभियान को व्यवस्थित तरीके से आयोजित करने और मीडिया व सोशल मीडिया के माध्यम से इसका व्यापक प्रचार-प्रसार करने की अपील की।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User