बिजनौर में ओवरलोड गन्ना वाहनों पर कार्रवाई:8 के चालान और एक सीज, पुलिस ने चलाया चेकिंग अभियान
बिजनौर में गन्ना पेराई सत्र शुरू होने के साथ सड़कों पर ओवरलोड और ज्यादा ऊंचाई तक गन्ना लदे वाहनों की आवाजाही बढ़ गई है। सड़क हादसे रोकने के लिए यातायात पुलिस ने बुधवार को चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान आठ वाहनों के चालान किए गए और एक वाहन सीज किया गया। इससे एक दिन पहले चांदपुर इलाके में गन्ने से लदे ट्रक की ट्रैक्टर-ट्रॉली से टक्कर हुई थी। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई थी। इसके बाद पुलिस ने अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर ट्रक और ट्रैक्टर-ट्रॉली समेत गन्ना ले जाने वाले भारी वाहनों की जांच की गई। पुलिस ने देखा कि वाहन तय क्षमता के मुताबिक गन्ना ले जा रहे हैं या नहीं। कई वाहनों में गन्ना बेतरतीब ढंग से लदा मिला। इससे गन्ना सड़क पर गिरने और वाहन का संतुलन बिगड़ने का खतरा था। गन्ना वाहन की बॉडी से बाहर न निकले चेकिंग के दौरान यातायात पुलिस ने चालकों से कहा कि गन्ना वाहन की बॉडी से बाहर न निकले और तय क्षमता से ज्यादा लोड न किया जाए। वाहनों के आगे और पीछे रिफ्लेक्टर और रेडियम टेप लगाने के निर्देश भी दिए गए, ताकि कोहरे और रात में दूसरे वाहन चालकों को वाहन दूर से दिख सके। पुलिस ने वाहन मालिकों, गन्ना क्रय केंद्रों और चीनी मिल प्रबंधन से ओवरलोड वाहन सड़क पर न भेजने को कहा है। गन्ने की सुरक्षित लोडिंग कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि सड़क पर गन्ना न गिरे और हादसों का खतरा कम हो। गन्ना पेराई सत्र के दौरान चेकिंग अभियान जारी यातायात पुलिस के मुताबिक, गन्ना पेराई सत्र के दौरान चेकिंग अभियान जारी रहेगा। नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)