नोएडा में बंगलुरू की तर्ज पर बनेंगे मेट्रो स्टेशन:चार मंजिला के होंगे, दो पर होगा कामर्शियल कांप्लेक्स, पीपीपी मॉडल पर किया जाएगा निर्माण
बंगलुरू की तर्ज पर अब नोएडा में भी मेट्रो स्टेशन सिर्फ यात्रियों के आने-जाने तक सीमित नहीं रहेंगे। यहां मेट्रो स्टेशन पर यात्री शॉपिंग भी कर सकेंगे। नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (एनएमआरसी) ने तीन नए मेट्रो रूट के स्टेशनों का डिजाइन में बदलाव किया है। इन स्टेशनों को चार मंजिला बनाया जाएगा। जिसमें कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स भी बनाया जाएगा। इसके लिए स्टेशन की ऊंचाई बढ़ाई जाएगी, जबकि लंबाई और चौड़ाई पहले जैसी ही रहेगी।
एनएमआरसी की यह योजना ग्रेटर नोएडा डिपो से बोड़ाकी, बॉटनिकल गार्डन से सेक्टर-142 और सेक्टर-51 से ग्रेटर नोएडा वेस्ट के चार मूर्ति तक बनने वाले मेट्रो रूट पर लागू होगी। इन स्टेशनों की लंबाई 140 मीटर और चौड़ाई 30 मीटर होगी। अधिकारियों के मुताबिक, मौजूदा डिजाइन में दो मंजिल बढ़ाने का फैसला लिया गया है। इससे स्टेशन चार मंजिला हो जाएंगे।
निजी कंपनी करेगी 50 करोड़ तक का निवेश
इन स्टेशनों का निर्माण पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल पर कराया जाएगा। एक स्टेशन पर करीब 45 से 50 करोड़ रुपये खर्च होंगे। यह रकम चयनित निजी कंपनी लगाएगी। इसके बदले कंपनी को 30 साल के लिए शॉपिंग कॉम्प्लेक्स लीज पर दिया जाएगा। कंपनी को इसे आगे सबलीज करने का अधिकार भी मिल सकेगा। इसके अलावा 30 साल के लिए को-ब्रांडिंग का विकल्प भी दिया जाएगा।
बंगलुरू में इंफोसिस ने बनवाया था स्टेशन
इस योजना के लिए एनएमआरसी ने बंगलुरू के मॉडल से प्रेरणा ली है। वहां इंफोसिस ने मेट्रो प्रबंधन को 100 करोड़ रुपये देकर स्टेशन का निर्माण कराया था। इस स्टेशन को कंपनी के परिसर से स्काईवॉक के जरिए जोड़ा गया था। इसी तर्ज पर नोएडा में भी मेट्रो स्टेशनों के साथ व्यावसायिक सुविधाएं विकसित करने की तैयारी है। इससे यात्रियों को शॉपिंग की सुविधा मिलेगी और एनएमआरसी के लिए अतिरिक्त कमाई का रास्ता भी खुलेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)