10 साल तक शोषण, शौहर पर हैवानियत का आरोप:ससुराल में जेठ-देवर की गंदी नजर और पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने की कोशिश का आरोप

Nov 26, 2026 - 10:01
0
10 साल तक शोषण, शौहर पर हैवानियत का आरोप:ससुराल में जेठ-देवर की गंदी नजर और पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने की कोशिश का आरोप
विश्वास और प्रेम की आड़ में एक युवती की जिंदगी को किस कदर नरक बनाया जा सकता है, इसका रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है। बरेली के भुता थाना क्षेत्र के शेखापुर की रहने वाली एक बेबस युवती ने अपने ही शौहर और ससुरालियों पर दरिंदगी, सामूहिक दुष्कर्म और जिंदा जलाने की कोशिश जैसे संगीन आरोप लगाए हैं। पीड़ित युवती ने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर अपने साथ हुए इस अमानवीय अत्याचार के खिलाफ इंसाफ की गुहार लगाई है। कारचोबी के काम से शुरू हुई थी मोहब्बत की दास्तां पीड़ित युवती के मुताबिक, वह अपने माता-पिता और छह बहनों के साथ जयपुर की सैयद कॉलोनी में रहकर हाथ से कारचोबी (कढ़ाई) का काम करती थी। इसी सिलसिले में शाहजहांपुर के खुदागंज थाना क्षेत्र के मोहल्ला कैथा का रहने वाला एक युवक काम देने के बहाने उसके घर आने-जाने लगा। युवक ने युवती को अपने प्रेमजाल में फंसा लिया और शादी का झांसा देकर करीब 10 साल तक उसका शारीरिक शोषण करता रहा। जब युवती ने निकाह के लिए दबाव बनाया, तो युवक ने झूठ बोला कि उसने अपने माता-पिता को राजी कर लिया है। होटल में रची गई हैवानियत की साजिश 9 फरवरी 2025 को जयपुर में ही मुस्लिम रीति-रिवाज से दोनों का निकाह हुआ। युवती के मजदूर पिता ने अपनी जमापूंजी लगाकर शादी में करीब 10 लाख रुपये खर्च किए। आरोप है कि निकाह की रात ही शौहर युवती को अजमेर रोड स्थित एक होटल में ले गया, जहां पहले से मौजूद अपने एक चचेरे भाई के साथ मिलकर उसने अपनी ही नवविवाहिता के साथ जबरन सामूहिक दुष्कर्म किया। जब पीड़िता ने इसका विरोध किया, तो शौहर ने किसी को भी मुंह दिखाने लायक न छोड़ने और घर से निकालने की धमकी देकर उसकी जुबान बंद कर दी। ससुराल में जेठ-देवर की गंदी नजर, पेट्रोल डालकर जलाने का प्रयास निकाह के महज 15 दिन बाद ही शौहर पीड़िता को मायके छोड़कर चला गया। कुछ समय बाद जब वह ससुराल पहुंची, तो वहां उसके साथ हैवानियत की सारी हदें पार कर दी गईं। आरोप है कि ससुराल में जेठ और देवर उस पर गंदी नजर रखने लगे और उसके साथ छेड़छाड़ व शारीरिक शोषण करने लगे। जब युवती ने इसकी शिकायत अपने शौहर से की और ससुरालियों के अत्याचार का विरोध किया, तो सास, ससुर, ननदों और देवर-जेठ ने मिलकर उसे बेरहमी से पीटा। इतना ही नहीं, उस पर पेट्रोल और मिट्टी का तेल डालकर जिंदा जलाने की कोशिश की गई। टाटा पंच कार और सोने की मांग, थाने से भी मिली दुत्कार पीड़िता का आरोप है कि अब ससुराल वाले दहेज में टाटा पंच कार और सोने के जेवरात की मांग कर रहे हैं। शौहर ने साफ कह दिया है कि या तो परिवार वालों की मर्जी से चलो और दहेज लाओ, वरना वह उसे तलाक दे देगा। ससुर ने तो दरवाजे पर कदम रखने पर गर्दन काटने तक की धमकी दी है। मजबूर पिता दहेज की यह भारी-भरकम मांग पूरी करने में असमर्थ हैं। सबसे दुखद पहलू यह है कि जब पीड़िता न्याय की आस में भुता थाने पहुंची, तो वहां भी उसकी फरियाद सुनने के बजाय पुलिसकर्मियों ने उसे डांटकर भगा दिया। थक-हारकर अब पीड़िता ने एसएसपी से आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई करने और अपनी जान बचाने की गुहार लगाई है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User