शादी के लिए जोड़े रुपये-गहने लेकर बेटी लापता:अलीगढ़ में गायब युवती, पड़ोसी किरायेदार युवक पर ले जाने का शक

Nov 29, 2026 - 08:48
0
शादी के लिए जोड़े रुपये-गहने लेकर बेटी लापता:अलीगढ़ में गायब युवती, पड़ोसी किरायेदार युवक पर ले जाने का शक
बेटी की शादी के लिए मजदूरी कर पाई-पाई जोड़कर रखी रकम और गहने घर से गायब मिले। उधर, 24 वर्षीय बेटी भी लापता हो गई। परिवार ने कई दिन तक रिश्तेदारियों से लेकर आसपास तक उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। अब पिता ने पड़ोस में किराये पर रहने वाले एक युवक पर बेटी को बहला-फुसलाकर ले जाने का शक जताया है। आरोप है कि बेटी के जाने के साथ घर में रखे शादी के 95 हजार रुपये, करीब दो तोले सोने और 250 ग्राम चांदी के जेवरात भी गायब हैं। मामला क्वार्सी थाना क्षेत्र के मोहन नगर, देवसैनी का है। पिता की तहरीर के मुताबिक, 22 नवंबर को दोपहर करीब 1:30 बजे उनकी पत्नी राशन लेने जा रही थीं। इसी दौरान उन्होंने अपनी बेटी को पड़ोस में किराये पर रहने वाले युवक से बात करते देखा। पत्नी ने दोनों को टोका तो दोनों अपने-अपने घर चले गए। करीब दो बजे जब पत्नी राशन लेकर लौट रही थीं तो रास्ते में बेटी फिर जाती हुई दिखाई दी। कुछ दूरी पर वही युवक भी जाता दिखा। मां ने बेटी से पूछा कि कहां जा रही हो तो उसने दुकान तक जाने और थोड़ी देर में लौटने की बात कही। लेकिन इसके बाद बेटी और युवक दोनों घर नहीं लौटे। घर पहुंचकर पत्नी ने देखा तो बेटी की शादी के लिए जुटाकर रखे करीब 95 हजार रुपये गायब थे। इसके साथ ही सोने के कुंडल, लौंग और अंगूठी समेत करीब दो तोले सोने के जेवर तथा चांदी की पाजेब और कौंधनी समेत करीब 250 ग्राम चांदी के आभूषण भी नहीं मिले। परिवार का कहना है कि उन्होंने दो दिन तक बेटी की तलाश की और सभी रिश्तेदारियों में फोन करके जानकारी जुटाई, लेकिन उसका पता नहीं चला। पिता ने तहरीर में आरोप लगाया है कि संबंधित युवक पहले भी उनके परिवार के साथ कई बार गाली-गलौज कर चुका है। जान से मारने और बुरा अंजाम भुगतने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। पिता ने युवक के छह परिजनों पर भी उसके साथ मिलकर सहयोग करने और शिकायत करने पर धमकाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि उन्हें आशंका है कि युवक अपने परिवार के लोगों की मदद से बेटी को बहला-फुसलाकर कहीं ले गया है। परिवार को बेटी के साथ अनहोनी होने का डर सता रहा है। पीड़ित ने पुलिस से बेटी को जल्द बरामद कराने और परिवार की जान-माल की सुरक्षा की मांग की है। तहरीर के आधार पर शनिवार रात क्वार्सी थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस युवती की तलाश और लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User