गिट्टी के ढेर से टकराकर एक्सयूवी पलटी, युवक की मौत:हाथरस में हसायन में हुआ हादसा; शादी समारोह में जा रहे थे

Nov 29, 2026 - 08:48
0
गिट्टी के ढेर से टकराकर एक्सयूवी पलटी, युवक की मौत:हाथरस में हसायन में हुआ हादसा; शादी समारोह में जा रहे थे
हाथरस में शुक्रवार रात करीब 8:30 बजे गिट्टी के ढेर से टकराकर कार पलटने से युवक की मौत हो गयी। यह हादसा निर्माणाधीन नेशनल हाईवे की सर्विस रोड पर हुआ। हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान 27 वर्षीय प्रशांत राना के तौर पर हुई है। टक्कर इतनी तेज थी कि कार दो-तीन बार पलटी और प्रशांत उछलकर दूर जा गिरे। गंभीर हालत में परिजन उन्हें आगरा ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। प्रशांत शादी समारोह में शामिल होने के लिए गेस्ट हाउस जा रहे थे। शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे प्रशांत हादसा कोतवाली हाथरस जंक्शन क्षेत्र के जैतपुर सलेमपुर गांव में एक निजी शिक्षण संस्थान के पास हुआ। हसायन थाना क्षेत्र के पिछौती गांव निवासी प्रशांत राना (27) पुत्र सुधीर कुमार राना उर्फ लाला शुक्रवार शाम अपनी मां राजबाला, पिता सुधीर कुमार, दादी उर्मिला देवी और बुआ लता को सुशीला गेस्ट हाउस में छोड़कर घर लौट गए थे। वहां उनकी दादी के रिश्तेदार की बेटी की शादी थी। बाद में प्रशांत अपनी एक्सयूवी-300 कार से दोबारा शादी समारोह में शामिल होने के लिए गेस्ट हाउस जा रहे थे। इसी दौरान निर्माणाधीन हाईवे की सर्विस रोड पर उनकी कार गिट्टी के ढेर से टकरा गई। टक्कर के बाद कार कई बार पलटते हुए सड़क पर जा गिरी। प्रशांत कार से उछलकर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। आगरा ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम हादसे की जानकारी मिलते ही उनके माता-पिता मौके पर पहुंच गए। परिजन उन्हें तत्काल इलाज के लिए आगरा लेकर रवाना हुए, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में प्रशांत की मौत हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त कार को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना और पोस्टमार्टम कराए बिना शव का अंतिम संस्कार कर दिया। घर के बड़े बेटे थे प्रशांत प्रशांत दो भाइयों में बड़े थे। उनके पिता नगला रति में श्री हनुमान मंदिर ढाबा चलाते हैं और गांव में खेती भी करते हैं। बेटे की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। हादसे के बाद गांव में भी शोक का माहौल है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User