40 देशों के 15 हजार भक्तों से गुलजार हुई रामनगरी:अयोध्या में उमड़ा विश्व भक्ति का सैलाब, इस्कॉन की पांच दिवसीय कार्तिक यात्रा

Nov 14, 2026 - 10:08
0
40 देशों के 15 हजार भक्तों से गुलजार हुई रामनगरी:अयोध्या में उमड़ा विश्व भक्ति का सैलाब, इस्कॉन की पांच दिवसीय कार्तिक यात्रा
रामनगरी अयोध्या में इन दिनों भक्ति का अंतरराष्ट्रीय संगम देखने को मिल रहा है। 40 से अधिक देशों के करीब 15 हजार श्रद्धालु भगवान राम की नगरी में जुटे हैं। अमेरिका, रूस, इंग्लैंड, जापान, जर्मनी, ब्राजील और ऑस्ट्रेलिया समेत कई देशों से आए भक्त रामलला के दर्शन कर रहे हैं। इस्कॉन अयोध्या के निमंत्रण पर आयोजित पांच दिवसीय कार्तिक यात्रा में देश-विदेश के श्रद्धालु रामभक्ति और कृष्णभक्ति में लीन नजर आ रहे हैं। यह यात्रा 12 से 16 नवंबर तक चलेगी। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को अयोध्या के प्रमुख धार्मिक और पौराणिक स्थलों का दर्शन कराया जा रहा है। इसमें श्रीराम जन्मभूमि मंदिर, हनुमानगढ़ी, कनक भवन, दशरथ महल, सरयू घाट, नागेश्वरनाथ मंदिर, सीता की रसोई और मणि पर्वत प्रमुख हैं। अलग-अलग समूहों में भक्त इन स्थलों पर पहुंचकर दर्शन, कथा और संकीर्तन कर रहे हैं। शाम को राधानाथ स्वामी सुना रहे रामकथा यात्रा का प्रमुख आकर्षण प्रतिदिन होने वाली रामकथा है। शाम को राधानाथ स्वामी के मुख से हजारों श्रद्धालु रामकथा का श्रवण कर रहे हैं। कथा के माध्यम से भगवान राम के आदर्श, मर्यादा, धर्म और समर्पण का संदेश दिया जा रहा है। अलग-अलग देशों से आए श्रद्धालु एक साथ बैठकर भजन-कीर्तन में शामिल हो रहे हैं। 15 हजार भक्तों के लिए तैयार हो रहा प्रसाद इतनी बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं के लिए भोजन और आवास की विशेष व्यवस्था की गई है। प्रतिदिन करीब 15 हजार भक्तों को सुबह का नाश्ता और दोपहर का भोजन प्रसाद उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके लिए अस्थायी अत्याधुनिक रसोई तैयार की गई है। आयोजन में स्वच्छता, चिकित्सा, परिवहन और सुरक्षा का भी विशेष ध्यान रखा गया है। इस्कॉन अयोध्या के परियोजना निदेशक एवं प्रवक्ता देवशेखर विष्णु दास ने बताया कि कार्तिक मास में भगवान दामोदर की पूजा का विशेष महत्व है। इसी परंपरा के तहत वैश्विक भक्त समुदाय को अयोध्या आमंत्रित किया गया है। उन्होंने कहा कि अयोध्या भगवान राम की जन्मभूमि होने के साथ भक्ति, मर्यादा और भारतीय संस्कृति की जीवंत धरोहर है। यहां आने वाले श्रद्धालु राम और कृष्ण भक्ति का अद्भुत समन्वय अनुभव कर रहे हैं। पांच दिवसीय यह आयोजन धार्मिक पर्यटन के साथ अयोध्या की वैश्विक पहचान को भी नया विस्तार दे रहा है। अलग-अलग भाषाओं और संस्कृतियों के लोग एक साथ रामनाम और हरिनाम संकीर्तन कर रहे हैं। रामनगरी में उमड़ा यह अंतरराष्ट्रीय भक्त समुदाय भारतीय संस्कृति और वसुधैव कुटुम्बकम् की भावना को भी प्रदर्शित कर रहा है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User