बिहार-बंगाल-महाराष्ट्र में गठबंधन के बाद भाजपा की सरकार बनीं:इमरान मसूद बोले-100 गठबंधन हो गए, भाजपा को हराने की गारंटी सिर्फ राहुल गांधी; सीधे हमला नहीं, घुमाकर बनाओ नैरेटिव

Nov 14, 2026 - 10:08
0
बिहार-बंगाल-महाराष्ट्र में गठबंधन के बाद भाजपा की सरकार बनीं:इमरान मसूद बोले-100 गठबंधन हो गए, भाजपा को हराने की गारंटी सिर्फ राहुल गांधी; सीधे हमला नहीं, घुमाकर बनाओ नैरेटिव
उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के गठबंधन ने सियासी हलचल बढ़ा दी है। दोनों नेताओं ने 12 नवंबर को लखनऊ में 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा' बनाने का ऐलान किया। इसी राजनीतिक घटनाक्रम के बीच सहारनपुर से कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने गठबंधन की राजनीति पर ऐसा बयान दिया है, जिसे ओवैसी-चंद्रशेखर गठबंधन पर अप्रत्यक्ष निशाने के तौर पर देखा जा रहा है। 13 नवंबर को लखनऊ में एक कार्यक्रम के दौरान इमरान मसूद ने कहा कि गठबंधन हो गया तो इसमें इतना हंगामा करने की क्या जरूरत है? उन्होंने बिहार, बंगाल और महाराष्ट्र का उदाहरण देते हुए कहा कि इन राज्यों में भी गठबंधन हुए, लेकिन भाजपा की सरकार बन गई। मसूद ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को सलाह दी कि गठबंधन करने वाले नेताओं पर सीधे हमला करने के बजाय राजनीतिक नैरेटिव को घुमाकर पेश किया जाए। उनका कहना था कि सीधे हमला करने से सामने वाले को फायदा हो सकता है। इसके बजाय जनता के सामने यह सवाल खड़ा किया जाए कि गठबंधन के कारण भाजपा को हराने की लड़ाई कमजोर तो नहीं हो रही। '100 गठबंधन हो गए, इससे क्या हो गया?' सांसद इमरान मसूद ने गठबंधन को लेकर कहा-अब ये गठबंधन हो गया। बड़ा हंगामा हो रहा है। गठबंधन हो गया, भाई गठबंधन हो गया, क्या हो गया? 100 गठबंधन हो गया। ये बिहार में भी हुआ था, भाजपा की सरकार बन गई। बंगाल में भी हुआ था, भाजपा की सरकार बन गई। ये महाराष्ट्र में भी गए थे, भाजपा की सरकार बन गई। उनके इस बयान को ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के नए राजनीतिक गठबंधन के संदर्भ में देखा जा रहा है। हालांकि, कार्यक्रम में उन्होंने दोनों नेताओं का नाम लेकर सीधा हमला नहीं किया। 'सीधे अटैक मत करिए, घुमाकर रास्ता निकालिए' कांग्रेस सांसद ने कार्यकर्ताओं को चुनावी रणनीति समझाते हुए कहा कि विरोधियों पर सीधा हमला करने के बजाय ऐसा नैरेटिव तैयार करना चाहिए, जिससे जनता खुद सवाल करे कि नए गठबंधन से किसे फायदा पहुंच रहा है। उन्होंने कहा-इन पे डायरेक्ट आपको अटैक करने से बेहतर है कि आप घुमा करके रास्ता लेकर के आएं। सीधा अटैक करेंगे, इनको फायदे होंगे। इनडायरेक्ट ना करिए, सीधे मत करिए, घुमा के करिए। इसके बाद उन्होंने बुलडोजर का उदाहरण देते हुए कहा कि सवाल यह होना चाहिए कि आप डेंट किसको दे रहे हैं? उन लोगों को जो बुलडोजर चला रहे हैं या उन लोगों को जो बुलडोजर रोकने के लिए खड़े हैं? उनका इशारा था कि भाजपा को हराने की लड़ाई में विपक्षी दलों के बीच आपसी मुकाबला भाजपा के लिए फायदेमंद साबित हो सकता है। राहुल गांधी को बताया भाजपा को हराने की इकलौती गारंटी इमरान मसूद ने अपने संबोधन में बार-बार राहुल गांधी को कांग्रेस की सबसे बड़ी चुनावी ताकत बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा को हराने के लिए कांग्रेस को राहुल गांधी के नेतृत्व वाले नैरेटिव को मजबूत करना होगा। उन्होंने कहा-भाजपा को हराने के लिए गारंटी एक ही है, वो गारंटी है राहुल गांधी। इसके अलावा कोई गारंटी देश के अंदर भाजपा को हराने की नहीं है। उन्होंने आगे कहा कि पूरे देश में भाजपा के खिलाफ लड़ने का दम अगर किसी नेता में है तो वह राहुल गांधी हैं। मसूद ने राहुल गांधी की राजनीतिक लड़ाइयों और सदस्यता जाने का जिक्र करते हुए कहा कि तमाम हमलों के बावजूद उनका नेता न डिगा, न झुका और न दबा। कार्यकर्ताओं को दिया संदेश- हर जगह राहुल गांधी की बात पहुंचाएं कांग्रेस सांसद ने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि चुनाव जीतने के लिए बहुत लंबी-चौड़ी रणनीति बनाने की जरूरत नहीं है। उन्हें अपने आसपास के लोगों तक कांग्रेस और राहुल गांधी का संदेश पहुंचाना चाहिए। उन्होंने कहा कि दुकान, चौराहे, खोखे, पार्टी की बैठकों और सोशल मीडिया हैंडल पर एक ही बात होनी चाहिए-'राहुल जी, राहुल जी, राहुल जी...' मसूद ने दावा किया कि देश में आज हर आदमी राहुल गांधी की बात करने के लिए मजबूर हो गया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि पार्टी की विचारधारा और अपने नेता के संदेश को मजबूती से जनता तक पहुंचाएं। 'मायूसी हराम है, इंशाअल्लाह सरकार में आएंगे' कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाते हुए इमरान मसूद ने कहा कि कांग्रेस देश की सबसे पुरानी पार्टी है और कार्यकर्ताओं को निराश होने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा-मायूसी हराम है। मायूसी नहीं करनी चाहिए। अल्लाह देने वाला, ईश्वर है देने वाला। कौन कहता है आसमान में सुराख नहीं होता, एक पत्थर तबीयत से उछालो तो यारो। उन्होंने विश्वास जताया कि यदि कांग्रेस के छोटे से लेकर बड़े स्तर तक के कार्यकर्ता एक ही संदेश के साथ काम करेंगे तो पार्टी की आवाज मजबूत होगी और आगामी चुनाव में बेहतर प्रदर्शन कर सकती है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User