51 फुट के गोवर्धन पर्वत की परिक्रमा की:मथुरा में हजारों श्रद्धालुओं ने किए दर्शन, 22 फुट ऊंचे श्रीनाथ जी का स्वरूप आकर्षण का केंद्र रहा
मथुरा महाविद्या चौराहा स्थित श्री गिर्राज जी मंदिर पर मंगलवार को सामूहिक श्री गिर्राज पूजा महोत्सव समिति और श्री गिर्राज महिला मंडल की ओर से भव्य सामूहिक गिर्राज पूजा महोत्सव आयोजित किया गया। इस दौरान गाय के गोबर से निर्मित 51 फुट ऊंचे गिर्राज पर्वत, तुलसी वन और 22 फुट ऊंचे श्रीनाथ जी के भव्य स्वरूप ने श्रद्धालुओं को आकर्षित किया। हजारों श्रद्धालुओं ने गिर्राज जी की परिक्रमा कर दर्शन किए और पूजा-अर्चना की। समिति के संस्थापक राजकुमार खंडेलवाल ने बताया कि यह महोत्सव पिछले 27 वर्षों से लगातार आयोजित किया जा रहा है। इस वर्ष महोत्सव का 28वां आयोजन है। महोत्सव का शुभारंभ 9 नवंबर को भव्य शोभायात्रा के साथ हुआ। शोभायात्रा अंगूरी वाटिका, डीग गेट से शुरू होकर महाविद्या और गोविंद नगर होते हुए श्री गिर्राज मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। इसमें महामंडलेश्वर नवल गिरी महाराज का सानिध्य रहा। बैंड और नासिक ढोल की धुन पर महिलाएं भक्ति में झूमती हुई चल रही थीं। मंगलवार सुबह 10 बजे श्री गिर्राज जी का महाभिषेक दीपक अग्रवाल एडवोकेट और योगेश सर्राफ ने सपत्नीक किया। इसमें कन्हैयालाल अग्रवाल, दिनेश खंडेलवाल, गिर्राज सक्सेना और पुनीत वार्ष्णेय सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। महाभिषेक के बाद शाम चार बजे फूल बंगला, छप्पन भोग और अन्नकूट के दर्शन कराए गए। अन्नकूट का निर्माण और वितरण गणेश मित्र मंडल की ओर से किया गया। शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ द्वाराचार्य राजेंद्र दास महाराज, नाभा पीठाधीश्वर सुदीक्षण दास महाराज, महामंडलेश्वर राधा प्रसाद जू महाराज, रसिया बाबा महाराज और भागवत विदुषी कीर्ति किशोरी ने दीप प्रज्वलित कर किया। संतों का शॉल और पटका पहनाकर स्वागत किया गया। महोत्सव का समापन रात्रि 12 बजे श्री गिर्राज जी की महाआरती के साथ हुआ।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)