आईएमए के नए अध्यक्ष करेंगे एआई पर काम:डॉक्टरों को एआई और रोबोटिक सर्जरी की ट्रेनिंग, 1 जनवरी से संभालेंगे जिम्मेदारी
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) वाराणसी के वर्ष 2027 के कार्यकाल में डॉक्टरों को नई मेडिकल तकनीक और आधुनिक उपचार पद्धतियों से जोड़ने पर जोर रहेगा। 1 जनवरी 2027 से अध्यक्ष की जिम्मेदारी निभाने वाले प्रो. डॉ. मनोज कुमार श्रीवास्तव का फोकस अकादमिक गतिविधियों को बढ़ाने, एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस पर जागरूकता और ब्लड बैंक की सुविधाओं में सुधार पर रहेगा। इसके साथ ही आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और रोबोटिक सर्जरी जैसी नई तकनीकों की जानकारी डॉक्टरों तक पहुंचाने के लिए सीएमई, सेमिनार, संगोष्ठी और कॉन्फ्रेंस आयोजित की जाएंगी। डॉ. मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि उनका प्रयास रहेगा कि चिकित्सकों को लगातार नई जानकारियां मिलती रहें। इसके लिए अकादमिक गतिविधियों को बेहतर किया जाएगा। अलग-अलग बीमारियों, उनके निदान और इलाज की नई पद्धतियों पर विशेषज्ञों के माध्यम से चर्चा कराई जाएगी। उनका मानना है कि चिकित्सा क्षेत्र में तेजी से बदलाव हो रहे हैं। ऐसे में डॉक्टरों का नई तकनीकों और उपचार के तरीकों से अपडेट रहना जरूरी है। बता दे कि आईएमए ने अध्यक्ष का कार्यकाल चुनाव के एक साल बाद शुरू होता है यानी डॉ मनोज का चुनाव निर्वाचित अध्यक्ष के रूप में 2025 में हुआ था। नए निर्वाचित अध्यक्ष का चुनाव 13 दिसंबर 2026 में होगा वो जनवरी 2028 में कार्य भार संभालेगा। एआई और रोबोटिक सर्जरी की तकनीक से कराएंगे परिचित नए अध्यक्ष के कार्यकाल में एआई आधारित डायग्नोसिस और रोबोटिक सर्जरी भी प्रमुख विषय होंगे। डॉ. श्रीवास्तव ने बताया कि एआई की मदद से किन बीमारियों का पता लगाया जा सकता है, किस तरह जांच और ट्रीटमेंट प्लान तैयार किया जा सकता है, इसकी जानकारी डॉक्टरों को दी जाएगी। इसी तरह रोबोटिक सर्जरी में मिलने वाली सुविधाओं और इसके फायदों पर भी विशेषज्ञों के माध्यम से चर्चा कराई जाएगी। ड्रग रेजिस्टेंस पर जागरूकता के लिए होंगी संगोष्ठियां एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस भी नए अध्यक्ष की प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। इसमें बैक्टीरिया और अन्य रोगाणुओं पर दवाओं का असर कम होने लगता है, जिससे संक्रमण का इलाज चुनौतीपूर्ण हो सकता है। डॉ. श्रीवास्तव ने बताया कि इस विषय पर जागरूकता बढ़ाने के लिए संगोष्ठियां आयोजित की जाएंगी। चिकित्सकों को इसके कारणों, बचाव और इलाज से जुड़े नए तरीकों की जानकारी दी जाएगी। ब्लड बैंक और एंबुलेंस सेवाओं में सुधार पर जोर आईएमए के नए अध्यक्ष ब्लड बैंक की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने पर भी काम करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि ब्लड बैंक की मौजूदा सुविधाएं अच्छी तरह काम कर रही हैं, लेकिन इन्हें और व्यवस्थित करने की जरूरत है। प्रयास रहेगा कि जरूरतमंद मरीजों को समय पर ब्लड उपलब्ध हो और इसके लिए इंतजार का समय कम किया जा सके। इसके अलावा ऑक्सीजन बैंक और एंबुलेंस जैसी सुविधाओं को भी दुरुस्त रखने पर ध्यान दिया जाएगा। डॉक्टरों को मुख्यधारा की गतिविधियों से जोड़ने की तैयारी डॉ. श्रीवास्तव ने कहा कि उनका प्रयास आईएमए की गतिविधियों में अधिक से अधिक चिकित्सकों की भागीदारी सुनिश्चित करना है। डॉक्टरों को केवल अपनी चिकित्सा सेवाओं तक सीमित न रखते हुए अकादमिक और सामाजिक गतिविधियों से भी जोड़ना प्राथमिकता होगी। हर बीमारी के प्रति जागरूकता बढ़ाने और चिकित्सकों के बीच नियमित संवाद के लिए कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उनका कहना है कि पहले से चल रही अच्छी व्यवस्थाओं को बनाए रखते हुए उनमें जरूरी सुधार करना ही उनके कार्यकाल का उद्देश्य रहेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)