आगरा में 36 किलो गांजा के साथ तीन आरोपी दबोचे:ओडिशा से आगरा लाई गई थी 25 लाख की खेप, खरीदार विजय की तलाश जारी
आगरा के छत्ता पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्कर गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 36 किलो गांजा बरामद किया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में बरामद गांजे की कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने तीन मोबाइल फोन और 490 रुपये भी जब्त किए हैं। पुलिस आयुक्त के निर्देश पर त्योहारों के दौरान शहर में चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत 8 नवंबर को छत्ता पुलिस यमुना किनारे संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। चेकिंग के दौरान पुलिस को तीन युवक संदिग्ध हालत में घूमते दिखे। पुलिस ने उन्हें रोककर पूछताछ की तो वे घबरा गए। एसीपी छत्ता की मौजूदगी में तीनों की तलाशी ली गई। तलाशी में उनके पास से गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर थाना छत्ता में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे गांजा ओडिशा के ब्रह्मपुर के डेढ़ बाजार बस स्टैंड से लेकर आए थे। आगरा में वे फ्रीगंज के रहने वाले विजय नाम के व्यक्ति को गांजा देने के लिए यमुना किनारे इंतजार कर रहे थे। पुलिस अब विजय की तलाश कर रही है।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोमिल उर्फ प्रेम कुशवाह निवासी प्रकाश नगर एत्मादौला, विवेक निवासी बुलंदशहर और सत्यम गुप्ता निवासी रीवा मध्य प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से गांजा तस्करी में लगे थे। वे ओडिशा से सस्ते दाम पर गांजा लाकर आगरा और आसपास के जिलों में ऊंचे दाम पर बेचते थे। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और खरीदारों के बारे में जानकारी जुटा रही है। पुलिस का कहना है कि इस गिरोह से जुड़े लोगों पर जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)