गेहूं का भुगतान न मिलने पर किसानों ने धरना दिया:पीलीभीत में सात व्यापारियों पर करोड़ों रुपए बकाया का आरोप

Nov 09, 2026 - 21:48
0
गेहूं का भुगतान न मिलने पर किसानों ने धरना दिया:पीलीभीत में सात व्यापारियों पर करोड़ों रुपए बकाया का आरोप
पीलीभीत के जहानाबाद थाना क्षेत्र में गेहूं बेचने के बाद भुगतान न मिलने पर किसानों ने सोमवार शाम करीब 5 बजे ग्राम दलेलगंज में धरना दिया। किसानों ने सात गल्ला व्यापारियों पर सैकड़ों किसानों के गेहूं के करोड़ों रुपये रोकने का आरोप लगाया। प्रदर्शन के दौरान किसानों ने नारे लगाए और बाजार की दुकानें बंद करा दीं। जहानाबाद थाना क्षेत्र के कई गांवों के दर्जनों किसानों ने थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दी। शिकायत में ग्राम खमरिया दलेलगंज निवासी इश्तकार उर्फ मुन्ना, बसरुद्दीन, अब्दुल सईद, नाजिम अंसारी, अस्यूब, इफ्तेखार अहमद उर्फ काला मुन्ना, नसरुद्दीन और कदीर के नाम हैं। शिकायत में सात व्यापारियों पर आरोप लगाए गए हैं। किसानों के मुताबिक, व्यापारी साझेदारी में गल्ले का कारोबार करते हैं और आसपास के गांवों के किसानों से गेहूं खरीदते हैं। गेहूं के सीजन में उन्होंने सैकड़ों किसानों से करोड़ों रुपये का गेहूं खरीदा, लेकिन अब तक भुगतान नहीं किया। किसानों ने कहा कि धान की फसल कटने के बाद भी रुपये नहीं मिले। बकाया मांगने पर व्यापारी आश्वासन देकर टालते रहे। शिकायत देने के बाद किसानों ने दलेलगंज पहुंचकर धरना दिया और बाजार की दुकानें बंद करा दीं। सूचना पर थाना प्रभारी जयशंकर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दुकानें खुलवाईं और कार्रवाई का आश्वासन देकर किसानों को समझाया। इसके बाद किसानों ने धरना खत्म कर दिया। किसानों का आरोप है कि विरोध की जानकारी मिलने पर आरोपी व्यापारी घरों पर ताला लगाकर गांव से चले गए। थाना प्रभारी जयशंकर सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User