आगरा टैंकर हादसे में दंपती की मौत:बच्चे बोले-पापा एक घंटे में वापस आने की कहकर गए थे, माता-पिता की मौत की खबर सुन बेटा और बेटी बेसुध
आगरा में मंगलवार को पानी के टैंकर ने बाइक सवार पूर्व सैनिक सुखविंदर सिंह और उनकी पत्नी रेखा कुमारी को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। बेटी माही ने बताया कि मम्मी के सिर में दर्द रहता था। दवा से ठीक हो जाता था। पापा अक्सर उन्हें अस्पताल लेकर जाते थे। प्रकाश पर्व पर छुट्टी के कारण स्कूल नहीं गए थे। पापा बोले, मम्मी को डॉक्टर को दिखाना है। एक घंटे में वापस आ जाएंगे। भाई का ख्याल रखना। वो कहीं इधर-उधर नहीं जाए, फिर मौत की खबर आई.... यह कहते हुए 13 साल की माही उर्फ सौम्या की आंखों में आंसू आ जाते हैं। वह कभी खुद रोने लगती तो कभी आंसू बहा रहे भाई को संभालने लगती। घर आए रिश्तेदार दोनों भाई-बहन का दर्द देखकर खुद ही रोने लगते हैं। 11:30 बजे पुलिस पहुंची तो टूटा कहर
माही एक निजी स्कूल में 9वीं की छात्रा है, जबकि उसका भाई आरव कक्षा सात में पढ़ता है। माही ने बताया कि सुबह 11:30 बजे घर पर पुलिस वाले आए थे। तब उन्हें मम्मी-पापा के साथ हुए हादसे के बारे में पता चला। पुलिस ने कहा, किसी बड़े को बुला दो। बाद में ताऊ पुष्पेंद्र को फोन करके बुलाया गया। वह घटनास्थल के लिए चले गए। बाद में पता चला कि टैंकर की वजह से उनकी जान चली गई। यह सुनकर उसकी चीख निकल गई। परिवार की महिलाएं पहले ही घर आ गई थीं। उन्होंने किसी तरह उसे संभाला। उसे रोता देखकर आरव भी रोने लगा। दोनों मम्मी-पापा का शोर मचाने लगे। कॉलोनी में पसरा मातम
मयूर विहार कॉलोनी के रहने वाले पूर्व सैनिक सुखविंदर सिंह और उनकी पत्नी रेखा सिंह की मौत से कॉलोनी में मातम पसर गया। हर कोई इस घटना को लेकर हैरान और परेशान है। बच्चों के सिर से माता-पिता का साया उठने से कॉलोनी के लोग भी परेशान हो गए। स्थानीय निवासी पार्थ सिंह और प्रीतम सिंह ने बताया कि पूर्व सैनिक सुखविंदर सिंह का परिवार काफी अच्छा था। वो सभी के साथ अच्छे संबंध रखते थे, लेकिन यह खबर सुनने के बाद हर कोई परेशान है। बच्चों पर बड़ा संकट आ गया है। दोनों बच्चे अनाथ हो गए। ये है पूरा मामला...
आगरा के थाना शाहगंज क्षेत्र के सराय ख्वाजा चौकी अंतर्गत अर्जुन नगर में मंगलवार को जावित्री देवी हॉस्पिटल के सामने एक भीषण सड़क हादसा हो गया था। एक पानी के टैंकर ने यामाहा बाइक पर सवार एक पूर्व सैनिक और उनकी पत्नी को टक्कर मार दी थी, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा अर्जुन नगर में हुआ, जहां एक पानी के टैंकर ने बाइक सवार सुखविंदर सिंह (40) और उनकी पत्नी रेखा कुमारी (38) को अपनी चपेट में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टैंकर की तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण यह दुर्घटना हुई। आशंका जताई जा रही है कि दंपति अपनी पत्नी को चिकित्सक के पास दिखाने के लिए जा रहे थे। मृतकों की पहचान सुखविंदर सिंह और रेखा कुमारी के रूप में हुई है। वे मूल रूप से भरतपुर, राजस्थान के इब्राहिमपुर गांव के रहने वाले थे और वर्तमान में धनौली, मलपुरा में किराए के मकान में अपने बच्चों के साथ रह रहे थे। मृतक सुखविंदर सिंह एक पूर्व सैन्यकर्मी थे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और नगर निगम की चैटिंग मशीन वाले वाहन की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)