कानपुर में तेंदुए के हमले के बाद दहशत:लाठी-डंडा लेकर देर रात तक गावों में पहरेदारी, 12 गांव की 30 हजार आबादी घरों में कैद
कानपुर महाराजपुर करनखेड़ा गांव में तेंदुए के हमले के बाद ग्रामीणों में दहशत है। शाम ढलते ही 12 गांवा की 30 हजार से ज्यादा की आबादी घरों में कैद हो गई। देर रात तक ग्रामीण अपने मवेशियों की रक्षा के लिए लाठी-डंडा लेकर ग्रुपों में पहरेदारी करते नजर आए। वन विभाग की टीम ने भी शाम ढलते ही कॉम्बिंग बंद कर दी और ग्रामीणों को अलर्ट किया। अब बुधवार को फिर से वन विभाग की टीमें तेंदुए को पकड़ने के लिए कॉम्बिंग करेंगी इसके साथ ही पिजड़ा लगया जाएगा। वन विभाग की टीमें भी इलाके में तीन टीमें मुस्तैद कर दी गई हैं। जू के भी एक्सपर्ट तेंदुए को पकड़ने के लिए डेरा डाले हुए हैं। लाठी-डंडा लेकर देर रात तक गांव में लोगों ने की पहरेदारी महाराजपुर के करनखेड़ा और मदारपुर गांव के बीच तेंदुए के हमले के बाद से दहशत का माहौल है। तेंदुए के हमले से खेतों में काम कर रहे करीब 10 ग्रामीण घायल हो गए थे। जानकारी मिलने के बाद से रेंजर अनिल सिंह के साथ वन विभाग की तीन टीमों और चिड़ियाघर के एक्सपर्ट की टीम ने डेरा डाल दिया है। हमले के बाद से 12 गांव की 30 हजार से ज्यादा की आबादी मंगलवार शाम ढलते ही घरों में कैद हो गई। अपने मवेशियों की रक्षा के लिए ग्रामीण लाठी-डंडा लेकर ग्रुपों में देर रात तक पहरेदारी करते रहे। आज बुधवार को वन विभाग की टीम अब तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाएगी। इसके साथ ही चिड़ियाघर के एक्सपर्ट ट्रैंकुलाइजर गन के साथ इलाकों में देर रात तक मूवमेंट करते रहे कि तेंदुए के दिखते ही उसे शॉट मारकर बेहोश कर दिया जाए और दबोच लें। घायल बोले मौत छूकर निकल गई घायलों में रामकुमार निषाद, हरिराम निषाद (40) और रामकेश निषाद (18), बुद्धि निषाद (50) निवासी करनखेड़ा, मोहित विश्वकर्मा (18), निवासी मदारपुर और सिखटिया निवासी साहिल शामिल हैं। इसके अलावा रवि निषाद समेत दो अन्य अज्ञात लोगों के घायल होने की भी जानकारी है। साहिल अपनी मौसी के घर करनखेड़ा आया हुआ था। इस दौरान खेत में उसके ऊपर भी तेंदुए के हमले से वह घायल हो गया। घायलों ने बताया कि मौत उन्हें छूकर निकल गई, अगर ग्रामीणों की भीड़ तेंदुए को खदेड़तेही नहीं तो एक-दो की जान भी जा सकती थी। ग्रामीणों ने घेरा तो तेंदुए ने किया हमला रामकुमार निषाद ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब 11 बजे वह सरसों (लाही) की फसल में खाद डाल रहे थे। इसी दौरान अचानक जंगली जानवर ने उन पर हमला कर दिया। इसके बाद वह गांव की ओर भागा और गेंदा के खेत में घुस गया। ग्रामीणों ने जब खेत को चारों ओर से घेरकर उसे पकड़ने का प्रयास किया तो जानवर ने रामकेश पर हमला कर घायल कर दिया। इसके बाद उसने अन्य ग्रामीणों को भी निशाना बनाया। घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल है। छह किलोमीटर क्षेत्र में पांच घंटे चला रेस्क्यू, तेंदुए का नहीं मिला सुराग वन विभाग के रेंजर अनिल सिंह ने बताया कि जानवर को पकड़ने के लिए करीब पांच घंटे तक लगभग छह किलोमीटर क्षेत्र में रेस्क्यू अभियान चलाया गया। इसमें वन विभाग के अधिकारियों के साथ 10 से 12 वनकर्मी शामिल रहे। हालांकि, अभियान के दौरान जानवर का कोई सुराग नहीं मिल सका। उन्होंने बताया कि अभी तक तेंदुए या किसी अन्य जंगली जानवर के पैरों के निशान भी नहीं मिले हैं, जिससे उसकी मौजूदगी की पुष्टि हो सके। हालांकि, सामने आए वीडियो के आधार पर जानवर तेंदुआ प्रतीत हो रहा है। उन्होंने बताया कि रात में रेस्क्यू अभियान रोक दिया गया है। सुरक्षा के मद्देनजर गांव के बाहर वन विभाग की दो टीमें तैनात की गई हैं। बुधवार को चिड़ियाघर और वन विभाग की संयुक्त टीम रेस्क्यू अभियान चलाएगी। रेंजर ने बताया कि गांव गंगा नदी के किनारे स्थित है और आसपास घना जंगल होने के कारण रेस्क्यू अभियान में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)