आगरा-विवि की ओर आयोजित परीक्षाओं में कंट्रोल रूम को चकमा:237 कॉलेज निगरानी से बाहर, किसी ने लिंक नहीं भेजा तो किसी का पासवर्ड गलत

Nov 24, 2026 - 07:04
0
आगरा-विवि की ओर आयोजित परीक्षाओं में कंट्रोल रूम को चकमा:237 कॉलेज निगरानी से बाहर, किसी ने लिंक नहीं भेजा तो किसी का पासवर्ड गलत
आगरा के डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय की स्नातक और परास्नातक विषम सेमेस्टर परीक्षाओं में केंद्रों पर खुलेआम सामूहिक नकल हो रही है। नकल रोकने के लिए खंदारी परिसर में बनाए गए सीसीटीवी निगरानी नियंत्रण कक्ष 387 में से सिर्फ 150 केंद्र ही लिंक हो पाए हैं। 200 से अधिक केंद्रों ने गलत लिंक और पासवर्ड भेजे हैं, जबकि कई केंद्रों ने अभी तक लिंक ही नहीं भेजा। विश्वविद्यालय से संबद्ध आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद और मैनपुरी के 556 कॉलेजों की विषम सेमेस्टर परीक्षा 17 नवंबर से 387 केंद्रों पर चल रही है। बीए, बीएससी, बीकॉम और बीकॉम वोकेशनल के प्रथम, तृतीय और पंचम सेमेस्टर तथा एमए, एमएससी और एमकॉम के प्रथम और तृतीय सेमेस्टर की परीक्षाएं राजकीय महाविद्यालय, एडेड और सेल्फ फाइनेंस कॉलेजों में हो रही हैं। स्नातक परीक्षाएं लिखित प्रारूप पर कराई जा रही हैं। नकल रोकने के लिए बनाया गया नियंत्रण कक्ष: परीक्षा की पारदर्शिता के लिए खंदारी परिसर में सीसीटीवी नियंत्रण कक्ष बनाया गया था, ताकि विश्वविद्यालय की टीम केंद्रों पर नजर रख सके और नकल की सूचना मिलते ही कार्रवाई हो सके। विश्वविद्यालय ने कॉलेजों को लिंक भेजने का नोटिस भी जारी किया था। केंद्र संचालकों ने लिंक सहित अन्य ब्योरा भेजा, लेकिन नियंत्रण कक्ष में दर्ज करने पर ज्यादातर लिंक नहीं खुले। सीसीटीवी टीम की रिपोर्ट: सोमवार की परीक्षा में नियंत्रण कक्ष की टीम ने पांच केंद्रों पर सामूहिक नकल की आशंका की रिपोर्ट दी है। एक केंद्र पर छात्र गोले में बैठकर एक पन्ने से उत्तर लिखते दिखे। दूसरे केंद्र पर शिक्षक दरवाजे के पीछे खड़े होकर उत्तर बोल रहे थे। एक केंद्र का सीसीटीवी परीक्षा कक्ष दिखा ही नहीं रहा था, जबकि एक केंद्र ने अपने कॉलेज की जगह अस्पताल का सीसीटीवी लिंक कर दिया। एक और केंद्र पर छात्रों को बोल-बोलकर नकल कराई जा रही थी। तीन पालियों में चल रही परीक्षा में सचल दल भी केंद्रों पर नहीं पहुंच रहे हैं। बोले परीक्षा नियंत्रक: परीक्षा नियंत्रक डॉ. ओम प्रकाश ने बताया कि केंद्र संचालकों को मंगलवार दोपहर 12 बजे से बुधवार शाम 5 बजे तक खंदारी परिसर स्थित कंप्यूटर सेंटर के सीसीटीवी नियंत्रण कक्ष में आकर लिंक कराना होगा। गलत ब्योरा देने वाले और लिंक न कराने वाले केंद्र निरस्त कर दिए जाएंगे। सीसीटीवी नियंत्रण कक्ष की रिपोर्ट के आधार पर बुधवार को आगे की कार्रवाई पर फैसला लिया जाएगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User