आज अखबार नहीं, आगरा की कल की 5 बड़ी खबरें:मठ को उड़ाने की धमकी देने वाले ने एसओ को मिठाई दी, शहर से कचरा नहीं उठेगा
आज आगरा में नो पेपर डे है। ऐसे में 1 दिन पहले आपके शहर में क्या-कुछ हुआ है, सभी बड़े अपडेट आप नीचे पढ़ सकते हैं- 1- गोरखनाथ मठ को उड़ाने की धमकी देने वाला पहुंचा थाने, एसओ को मिठाई दी आगरा के बर्खास्त फायरमैन जितेंद्र राठौर ने UP-112 पर कॉल कर सीएम योगी के गोरखनाथ मठ में आग लगाने की धमकी दी थी। अब वह न्यू आगरा थाने पहुंचा और थाना प्रभारी को दीपावली की मिठाई दी। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। जितेंद्र ने जांच रिपोर्ट न मिलने पर धमकी दी थी। विभाग ने उसे अनुशासनहीनता के आरोप में बर्खास्त किया था। इससे पहले वह कॉकरोच बनकर कचहरी भी पहुंचा था। पढ़ें पूरी खबर… 2- आगरा में प्रदूषण से बढ़ रहीं फेफड़ों की बीमारियां, सीओपीडी का खतरा आगरा में बढ़ते वायु प्रदूषण से फेफड़ों की बीमारियां बढ़ रही हैं। एसएन मेडिकल कॉलेज के डॉ. जीबी सिंह के मुताबिक, धूम्रपान के अलावा अगरबत्ती, चूल्हे का धुआं और धूल भी सीओपीडी की वजह बन सकते हैं। लंबे समय तक खांसी, बलगम, सांस फूलना और सीने में जकड़न इसके प्रमुख लक्षण हैं। समय पर इलाज नहीं मिलने पर बीमारी दिल को भी प्रभावित कर सकती है। भारत में हर लाख आबादी पर सालाना करीब 108 मौतें सीओपीडी से होती हैं। पढ़ें पूरी खबर... 3- आगरा में सुबह धुंध, दिन में निकली हल्की धूप; 13 नवंबर तक बारिश के आसार नहीं आगरा में रविवार सुबह धुंध के साथ ठंड का असर रहा, जबकि दिन में हल्की धूप निकली। मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार सुबह भी कोहरा छा सकता है। 13 नवंबर तक मौसम ऐसा ही रहने का अनुमान है। अधिकतम तापमान 31 और न्यूनतम 17 डिग्री के आसपास रहेगा। शनिवार को अधिकतम तापमान 31.6 और न्यूनतम 17.6 डिग्री दर्ज हुआ। 1 से 7 नवंबर तक सामान्य से 53% कम बारिश हुई। पढ़ें पूरी खबर... 4- दिवाली पर आगरा में सोमवार को सफाई नहीं होगी, 1300 मीट्रिक टन तक पहुंचा कचरा आगरा में दिवाली पर सोमवार को नगर निगम के सफाई कर्मचारियों की छुट्टी रहेगी। शहर में नियमित सफाई और कचरा उठान नहीं होगा। मंगलवार से व्यवस्था फिर शुरू होगी। दिवाली की सफाई के चलते रोजाना निकलने वाला कचरा 750-800 से बढ़कर 1300 मीट्रिक टन हो गया है। नगर निगम ने 21 बाजारों में 180 अतिरिक्त कर्मचारी लगाए हैं। रविवार को कर्मचारी देर रात तक सफाई करेंगे। नगर निगम ने लोगों से कचरा डस्टबिन में डालने की अपील की है। पढ़ें पूरी खबर... 5- आगरा को मिली राष्ट्रीय हॉकी कैंप की मेजबानी, देशभर से चुनी गई 16 महिला खिलाड़ी आएंगी आगरा के एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम में 10 नवंबर से भारतीय महिला अंडर-18 हॉकी टीम का राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर लगेगा। 4 दिसंबर तक चलने वाले शिविर में 16 खिलाड़ी हिस्सा लेंगी। ओलंपियन और पूर्व कप्तान रानी रामपाल उन्हें प्रशिक्षण देंगी। टीम को 7 से 12 दिसंबर तक मिस्र के काहिरा में होने वाले एफआईएच यूथ हॉकी-5 विश्वकप के लिए तैयार किया जाएगा। प्रशिक्षण के बाद टीम मिस्र रवाना होगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)