आजमगढ़ में पुलिस मुठभेड़, गोतस्कर गिरोह का सरगना:गोली लगने से घायल, बिहार और पश्चिम बंगाल तक फैला था गिरोह का नेटवर्क

Nov 25, 2026 - 10:10
0
आजमगढ़ में पुलिस मुठभेड़, गोतस्कर गिरोह का सरगना:गोली लगने से घायल, बिहार और पश्चिम बंगाल तक फैला था गिरोह का नेटवर्क
आजमगढ़ जिले के जहानागंज थाना क्षेत्र में बुधवार की भोर पुलिस और गोतस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान अंतरराज्यीय गोतस्कर गिरोह का शातिर सदस्य शोएब उर्फ गेंदा उर्फ पंडित गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके साथी मुस्तफा रजा को पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, पांच कारतूस, बिना नंबर प्लेट की चारपहिया गाड़ी, 2,150 रुपये नकद और प्रतिबंधित पशुओं को बांधने में इस्तेमाल होने वाली चार रस्सियां बरामद की हैं। घायल अभियुक्त को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। चेकिंग के दौरान हुई मुठभेड़ सहायक पुलिस अधीक्षक ईश्वर लाल गुर्जर ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बुधवार तड़के करीब 3:45 बजे जहानागंज पुलिस क्षेत्र में गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि प्रतिबंधित पशुओं की तस्करी करने वाले गिरोह के सदस्य चारपहिया वाहन से क्षेत्र में रेकी करते हुए गुजरने वाले हैं। सूचना पर थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्र के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम मंदे बागीचा के पास भुजही नहर पर घेराबंदी कर चेकिंग शुरू कर दी। इसी बीच एक संदिग्ध चारपहिया वाहन आता दिखाई दिया। पुलिस ने वाहन को रोकने का इशारा किया तो उसमें सवार अभियुक्त भागने लगे। आरोप है कि उन्होंने पुलिस टीम को निशाना बनाकर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई में शोएब उर्फ गेंदा के बाएं पैर में गोली लग गई। वहीं पुलिस टीम ने उसके साथी मुस्तफा रजा को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। रेकी कर कंटेनरों में लदवाते थे प्रतिबंधित पशु पुलिस की पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्तों ने बताया कि वे संगठित गिरोह बनाकर प्रतिबंधित पशुओं की तस्करी करते थे। पहले चारपहिया वाहन से सुनसान रास्तों और स्थानों की रेकी करते थे। इसके बाद ट्रक और पिकअप के माध्यम से प्रतिबंधित पशुओं को हाईवे किनारे खड़े कंटेनरों में लदवाकर बिहार और पश्चिम बंगाल तक पहुंचाते थे और वहां बेचते थे। पुलिस से बचने के लिए वाहनों पर नंबर प्लेट नहीं लगाते थे। गिरफ्तारी से बचने के लिए अवैध असलहों का इस्तेमाल करते थे। अभियुक्तों ने पूर्व में भी पुलिस टीमों पर फायरिंग करने की बात स्वीकार की है। छह जिलों में दर्ज हैं 12 मुकदमे घायल अभियुक्त शोएब उर्फ गेंदा के विरुद्ध 10 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें हत्या, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट, गोवध निवारण अधिनियम और आयुध अधिनियम सहित कई गंभीर मामले शामिल हैं। वहीं मुस्तफा रजा के विरुद्ध दो मुकदमे दर्ज हैं। दोनों के खिलाफ इटावा, लखनऊ, मुजफ्फरनगर, कुशीनगर, मैनपुरी और आजमगढ़ में कुल 12 मुकदमे पंजीकृत हैं। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान शोएब उर्फ गेंदा उर्फ पंडित पुत्र मोहम्मद तौफीक निवासी खतौली, जनपद मुजफ्फरनगर, हाल पता तारापुरी खुशहाल नगर, थाना वीरमपुरी, जनपद मेरठ तथा मुस्तफा रजा पुत्र मोहम्मद सलीम निवासी नांगलिया अकिल, थाना अजीम नगर, जनपद रामपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके से दो देशी तमंचे .315 बोर, तीन खोखा और दो जिंदा कारतूस, बिना नंबर प्लेट की चारपहिया गाड़ी, 2,150 रुपये नकद और चार प्लास्टिक की रस्सियां बरामद की हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User