दहेज हत्या में पति को 10 साल की सजा:11 साल पुराने मामले में आगरा कोर्ट ने सुनाया फैसला
दहेज की मांग पूरी न होने पर पत्नी को प्रताड़ित करने और उसकी हत्या करने के मामले में अदालत ने सख्त फैसला सुनाया है। एडीजे-10 कोर्ट ने आरोपी पति को 10 साल के कठोर कारावास और 20 हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई है। करीब 11 साल पुराने इस मामले में अदालत का फैसला आने से पीड़ित परिवार को न्याय मिला है। दहेज की मांग को लेकर करता था प्रताड़ित मामला 29 सितंबर 2015 का है। अभियोजन के अनुसार, आरोपी यशोवर्धन उर्फ सोनू अपनी पत्नी शशी (25) से अतिरिक्त दहेज की मांग कर रहा था। मांग पूरी नहीं होने पर वह उसे शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था। आरोप है कि इसी प्रताड़ना के चलते उसने पत्नी की हत्या कर दी। मृतका के परिजनों की शिकायत पर थाना ताजगंज पुलिस ने 29 सितंबर 2015 को आरोपी और उसके परिवार के अन्य सदस्यों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और हत्या समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। पांच आरोपियों के खिलाफ दाखिल हुई थी चार्जशीट मामले की जांच के दौरान पुलिस ने साक्ष्य जुटाए। मुख्य आरोपी यशोवर्धन उर्फ सोनू को 6 अक्टूबर 2015 को गिरफ्तार किया गया। वहीं, रमेश, लक्ष्मी, उदयवीर मास्टर और चंद्रशेखर को 28 अक्टूबर 2015 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस ने विवेचना पूरी करने के बाद 27 दिसंबर 2015 को पांचों आरोपियों के खिलाफ आरोपपत्र न्यायालय में दाखिल किया। मुकदमे की सुनवाई के दौरान लक्ष्मी की मृत्यु हो गई, जबकि तीन अन्य आरोपियों को दोषमुक्त कर दिया गया। गवाहों और साक्ष्यों के आधार पर सुनाया फैसला पुलिस के अनुसार, विवेचक ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए थे। मुकदमे की सुनवाई के दौरान गवाहों के बयान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट सहित अन्य साक्ष्य न्यायालय के सामने रखे गए। इन साक्ष्यों के आधार पर एडीजे-10 कोर्ट, आगरा ने 21 नवंबर 2026 को मुख्य आरोपी यशोवर्धन उर्फ सोनू को दोषी ठहराया। अदालत ने आरोपी को 10 साल के कठोर कारावास और 20 हजार रुपये के अर्थदंड से दंडित किया। पुलिस का कहना है कि पीड़ितों को न्याय दिलाने और अपराधियों को सजा दिलाने के लिए ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत प्रभावी पैरवी की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)