विधवा ने जेठ पर घर से निकालने का आरोप लगाया:सहारनपुर में गेट पर वेल्डिंग कर रास्ता बंद किया, SSP से शिकायत की
सहारनपुर में एक विधवा ने अपने जेठ, जेठानी समेत चार लोगों पर मकान पर कब्जा करने, घर में तोड़फोड़ और बच्चों समेत जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। महिला ने सोमवार दोपहर 2 बजे एसएसपी को शिकायत देकर कार्रवाई और पुलिस सुरक्षा मांगी। महिला के मुताबिक, आरोपियों ने मकान का मुख्य गेट वेल्डिंग कर बंद कर दिया। बाद में गेट हटाकर वहां पक्की दीवार बना दी। घर के अंदर उसका घरेलू सामान रखा है, लेकिन उसे मकान में जाने नहीं दिया जा रहा। देहात कोतवाली क्षेत्र के गणपति विहार कॉलोनी, बेहट रोड, रसूलपुर निवासी इकरा ने शिकायत में बताया कि 2005-06 में उनके पति शहजाद और ससुर समी ने मोहम्मद असलम खान और इरफान खान से 88.88 वर्गगज का मकान 4 लाख रुपए में खरीदा था। इकरा के मुताबिक, उनके पति ने अपने पिता को 2.50 लाख रुपए दिए थे और इसकी रसीद भी लिखी गई थी। आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण उस समय बैनामा नहीं हो सका था। इकरा की शादी 2008 में शहजाद से हुई थी। उनके तीन बच्चे हैं। बाद में शहजाद की मौत हो गई। इकरा का आरोप है कि जेठ, उसकी पत्नी और युवक पहले भी उनके पति से मारपीट और झगड़ा करते थे। इकरा ने बताया कि 3 जुलाई 2025 को घर में अकेली होने पर जेठ और जेठानी ने उनके साथ अभद्रता की और गलत नीयत से पकड़ा। शोर मचाने पर पड़ोसी पहुंचे। उन्होंने 1076 पर कॉल कर पुलिस से मदद मांगी और 5 जुलाई को थाने में शिकायत दी। इकरा के मुताबिक, आरोपियों ने टीनशेड, लैट्रिन-बाथरूम और घरेलू सामान में तोड़फोड़ की। आरोप है कि 4 नवंबर 2026 की रात करीब 12 बजे लोहे का गेट हटाकर वहां पक्की दीवार बना दी गई। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि मकान की छत के रास्ते अंदर घुसकर कमरे की दीवार तोड़ी गई और घर में लगा बिजली मीटर उखाड़कर ले जाया गया। इकरा का कहना है कि वह मजदूरी करके तीनों बच्चों का पालन-पोषण कर रही है। मकान के अलावा उनके पास रहने के लिए दूसरी जगह नहीं है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)