आतिशबाजी ने पहुंचाया आंखों को नुकसान:अलीगढ़ के गांधी आई हॉस्पिटल में आधा दर्जन घायल भर्ती; हाथरस के युवक की आंख पूरी तरह डैमेज
अलीगढ़ में दीपावली पर आतिशबाजी के जोश और उल्लास के बीच निकली चिंगारियां कई लोगों की आंखों पर भारी पड़ीं। पटाखों की चिंगारी और आतिशबाजी से आंखों में चोट लगने के बाद आधा दर्जन लोग गांधी नेत्र चिकित्सालय पहुंच चुके हैं। इनमें बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक शामिल हैं। हाथरस के एक युवक की आंख पूरी तरह डैमेज हो गई है। रातभर ऑपरेशन के बाद भी ब्लीडिंग नहीं रुकी तो उसे दिल्ली रेफर करना पड़ा। वहीं, 15 वर्षीय एक बच्चे की आंख बचाने के लिए चिकित्सक सोमवार को ऑपरेशन करेंगे। हाथरस के युवक की हालत गंभीर अस्पताल पहुंचे मरीजों में हाथरस के रतनगढ़ी निवासी गिरीश की हालत सबसे गंभीर है। आतिशबाजी से उसकी आंख को गंभीर नुकसान पहुंचा और आंख पूरी तरह डैमेज हो गई। चिकित्सकों ने रात में ऑपरेशन किया, लेकिन इसके बाद भी खून का बहना बंद नहीं हुआ। स्थिति गंभीर देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए दिल्ली रेफर कर दिया गया। 15 साल के उवैस की आंख बचाने की कोशिश दूसरा गंभीर मामला 15 वर्षीय उवैस का है। जिले के गांव जामनुका निवासी उवैस की आंख में आतिशबाजी से चोट आई है। सोमवार को उसका ऑपरेशन किया जाना है। इसके बाद ही चिकित्सक बता सकेंगे कि उसकी आंख की रोशनी बच पाएगी या नहीं। परिवार के लोग भी उसकी आंख की सलामती को लेकर चिंतित हैं। फर्रुखाबाद से नौ साल का बच्चा भी पहुंचा अस्पताल में फर्रुखाबाद के बुधनपुर निवासी नौ वर्षीय प्रांशु का उपचार चल रहा है। आगरा के सेवला निवासी 22 वर्षीय प्रवीण भी आंख में चोट लगने के बाद भर्ती है। इसके अलावा अलीगढ़ के कमालपुर निवासी 54 वर्षीय रुमाली सिंह का भी उपचार किया जा रहा है। आतिशबाजी से घायल होकर अस्पताल पहुंचे मरीजों में अलग-अलग उम्र के लोग शामिल हैं। दीपावली पर पहले से किए जाते हैं इंतजाम गांधी नेत्र चिकित्सालय के हेलेट वार्ड में मरीजों की देखरेख कर रहीं सिस्टर आरती के अनुसार दीपावली पर आसपास के जनपदों से आतिशबाजी में घायल होकर मरीजों के पहुंचने की संभावना रहती है। इसे देखते हुए अस्पताल प्रशासन की ओर से पहले से विशेष इंतजाम किए जाते हैं। इस बार भी दीपावली की रात से ही मरीजों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी घायलों के उपचार में जुटे हैं। गांधी नेत्र चिकित्सालय के प्रशासनिक अधिकारी मधुप लहरी ने बताया कि दीपावली हर्षोल्लास का त्योहार है, लेकिन आतिशबाजी के दौरान आंखों में चोट लगने की घटनाएं भी सामने आती हैं। आसपास के जनपदों से मरीज आने की संभावना को देखते हुए अस्पताल में हर साल विशेष इंतजाम किए जाते हैं। चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की ड्यूटी लगाई जाती है, ताकि आपात स्थिति में घायलों को तत्काल उपचार मिल सके। इस बार भी विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं और अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों का उपचार किया जा रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)