अजय राय बोले- जीवन ईमानदारी और चरित्र के साथ जिएं:देश को रसातल में पहुंचा रहे बेईमान नेता; पंचानन राय की 84वीं जयंती में हुए शामिल
लखनऊ के निशातगंज स्थित कैफी आजमी अकादमी सभागार में शनिवार को उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के महामंत्री और पूर्व एमएलसी एवं विधायक स्व. पंचानन राय की 84वीं जयंती पर स्मृति एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें मुख्य अतिथि कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व मंत्री अजय राय ने कहा कि नेता अंगद के पांव की बात करते हैं, लेकिन क्या उनके पास अंगद जैसा पांव है? उन्होंने देश को बर्बाद करने और लगातार रसातल में पहुंचाने वाले नेताओं को भ्रष्ट और बेईमान बताया। दोहरा चरित्र जीना जीवन नहीं अजय राय ने कहा कि केवल घूमना, हंसना, लोगों से झूठ बोलना, फर्जीगिरी, दलाली और चोरी करना जीवन नहीं है। जीना है तो ईमानदारी और चरित्र के साथ जियो। उन्होंने कहा कि व्यक्ति का अंदर और बाहर का व्यक्तित्व एक जैसा होना चाहिए। दोहरा चरित्र जीने वाले व्यक्ति के चेहरे की चमक और अंदर का व्यक्तित्व खत्म हो जाता है। संघर्ष से बनता है मजबूत व्यक्तित्व उन्होंने कहा कि अंगद का पांव वही होता है, जो चरित्र के साथ एक बार जम जाए तो दुनिया की कोई ताकत उसे हिला न सके। यह क्षमता एक दिन में नहीं बनती। लगातार संघर्ष और प्रयास से व्यक्तित्व तैयार होता है। अजय राय ने कहा कि एक दिन में किसी ने उन पर विश्वास नहीं किया था कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हरा देंगे। यह किसी जादुई छड़ी से नहीं हुआ। जनता उनके साथ क्यों आई, जबकि वे प्रधानमंत्री के मुकाबले किसी को कुछ देने की स्थिति में नहीं थे। यह विश्वास लगातार संघर्ष का परिणाम था। 'पीएम को छोड़कर जनता मेरे साथ आ रही है' अजय राय ने कहा कि एक दिन में किसी ने मुझ पर विश्वास नहीं किया कि एक दिन में मैं सोचूं कि अरे, अजय राय आ गया और 24 में ऐसे मोदी को हरा दिया। कोई जादुई छड़ी नहीं है कि हमने घुमा दिया और सब काम हो गया। सारी जनता मेरे साथ घूम गई। प्रधानमंत्री को छोड़कर लोग मेरे पास आ रहे है। मेरे पास कौन-सी ताकत है। शिक्षकों की आवाज थे पंचानन राय अजय राय ने कहा कि पंचानन राय शिक्षकों की आवाज थे। आज शिक्षक जिन अधिकारों और सम्मान के साथ शिक्षण कार्य कर रहे हैं, उसमें उनका बड़ा योगदान है। उन्होंने अपना पूरा जीवन शिक्षक हितों की लड़ाई में समर्पित कर दिया। उन्होंने कहा कि जीवन के अंतिम समय में भी पंचानन राय एक महाविद्यालय में शिक्षक सभा को संबोधित करने जा रहे थे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)