अखिलेश के अयोध्या दौरे पर संत का बयान:महंत राजकुमार दास बोले- पाप का दंड भुगतना पड़ेगा, पिता के कर्मों का प्रायश्चित करें सपा सुप्रीमो
सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव के 12 दिसंबर को अयोध्या में राम मंदिर दर्शन करने के ऐलान के बाद संतों की ओर से माफी मांगने की मांग उठाई जा रही है। इसी बीच श्रीराम वल्लभा कुंज के अधिकारी और श्रीराम मंदिर ट्रस्ट के सदस्य महंत राजकुमार दास ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव को अपने पिता के कर्मों का प्रायश्चित करना चाहिए। इससे लोगों के मन में उनके परिवार और पार्टी के प्रति जो आक्रोश है, वह सामान्य हो सकता है। पिता के कर्मों का प्रायश्चित करें अखिलेश महंत राजकुमार दास ने शनिवार शाम करीब 5 बजे मीडिया से बातचीत में कहा, "पाप का तो दंड भुगतना ही पड़ेगा। अवश्यमेव भोक्तव्यं कृतं कर्म शुभाशुभम्, यह शास्त्र की नीति है।" उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। शास्त्रों में कहा गया है कि पुत्र पिता की आत्मा के रूप में जन्म लेता है। ऐसे में पिता ने जो किया है, उसका प्रायश्चित करने की जिम्मेदारी भी अखिलेश की बनती है। श्राद्ध और पिंडदान की भी कही बात महंत ने कहा कि प्रायश्चित के तहत गया में श्राद्ध और पिंडदान कराया जाना चाहिए। पिता की मुक्ति के लिए भागवत कथा का पारायण और गंगा-सरयू जैसी पवित्र नदियों में अस्थि विसर्जन की परंपरा भी निभाई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि ये सभी भारतीय धार्मिक परंपराओं और शास्त्रीय व्यवस्थाओं का हिस्सा हैं। माफी के बाद गले लगाने के सवाल पर दिया जवाब जब महंत राजकुमार दास से पूछा गया कि क्या माफी मांगने के बाद संत अखिलेश यादव को गले लगाएंगे, तो उन्होंने कहा, "गले उसी को लगाया जाता है, जो अपना हो और जिसने अपने लिए कुछ बड़ा किया हो।" उन्होंने आगे कहा कि इस देश में फकीरों की समाधियों और फकीरों की पूजा की जाती है, जबकि बड़े-बड़े बादशाहों की तस्वीरें तोड़ दी जाती हैं और नष्ट कर दी जाती हैं। बयान सामने आने के बाद बढ़ी राजनीतिक चर्चा अखिलेश यादव के 12 दिसंबर को राम मंदिर दर्शन के ऐलान के बीच महंत का यह बयान सामने आया है। संतों की माफी की मांग और प्रायश्चित को लेकर दिए गए इस बयान से अयोध्या में उनके प्रस्तावित दौरे को लेकर राजनीतिक और धार्मिक चर्चा तेज हो गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)