महराजगंज के फरेंदा में निषाद पार्टी का शक्ति प्रदर्शन:महासम्मेलन-पदयात्रा से बढ़ी सियासी चर्चा; निशांत मणि त्रिपाठी के नाम की भी चर्चा

Nov 22, 2026 - 11:35
0
महराजगंज के फरेंदा में निषाद पार्टी का शक्ति प्रदर्शन:महासम्मेलन-पदयात्रा से बढ़ी सियासी चर्चा; निशांत मणि त्रिपाठी के नाम की भी चर्चा
महराजगंज के फरेंदा विधानसभा सीट पर आगामी चुनाव को लेकर सियासी हलचल शुरू हो गई है। निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद की फरेंदा में सक्रियता ने नए राजनीतिक समीकरणों की चर्चा छेड़ दी है। मछुआ समाज को अनुसूचित जाति का आरक्षण दिलाने की मांग को लेकर आयोजित महासम्मेलन, पदयात्रा और हाईवे पर धरने को पार्टी के शक्ति प्रदर्शन के तौर पर भी देखा जा रहा है। इसके बाद सवाल उठने लगा है कि क्या आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा गठबंधन फरेंदा सीट निषाद पार्टी के खाते में दे सकता है? क्या निशांत मणि त्रिपाठी यहां पार्टी का चेहरा बनेंगे? आरक्षण आंदोलन से दिया सियासी संदेश विगत बुधवार को फरेंदा तहसील क्षेत्र के उदितपुर स्थित अभिनव विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में निषाद पार्टी ने संवैधानिक सुरक्षा अधिकार महासम्मेलन और पदयात्रा का आयोजन किया। इसमें राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय निषाद ने मछुआ समाज के संवैधानिक अधिकारों, सामाजिक न्याय, राजनीतिक प्रतिनिधित्व और अनुसूचित जाति के आरक्षण की मांग उठाई। कार्यक्रम के बाद संजय निषाद समर्थकों के साथ गोरखपुर-सोनौली राष्ट्रीय राजमार्ग पर धरने पर बैठ गए। करीब दो घंटे तक हाईवे की दोनों लेन पर आवागमन बाधित रहा। उन्होंने मांगें पूरी होने तक धरना जारी रखने की बात कही। हालांकि, बाद में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी से बातचीत के बाद धरना समाप्त कर दिया गया। क्या फरेंदा सीट पर है निषाद पार्टी की नजर? फरेंदा में इतने बड़े स्तर पर निषाद समाज को एकजुट करने की कोशिश को आगामी विधानसभा चुनाव की संभावित रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। निषाद पार्टी भाजपा के साथ गठबंधन में है। ऐसे में सीटों के बंटवारे के दौरान पार्टी पूर्वांचल में अपनी राजनीतिक हिस्सेदारी बढ़ाने की कोशिश कर सकती है। महासम्मेलन में संजय निषाद की मौजूदगी और उसके बाद हाईवे पर धरना देने के घटनाक्रम ने फरेंदा में पार्टी की सक्रियता को चर्चा में ला दिया है। हालांकि, निषाद पार्टी की ओर से अभी फरेंदा विधानसभा सीट पर कोई आधिकारिक दावा नहीं किया गया है। निशांत मणि त्रिपाठी के नाम की चर्चा फरेंदा के संभावित राजनीतिक समीकरणों में निशांत मणि त्रिपाठी का नाम भी चर्चा में है। सियासी गलियारों में अटकलें लगाई जा रही हैं कि यदि गठबंधन में फरेंदा सीट निषाद पार्टी के खाते में जाती है तो पार्टी निशांत मणि त्रिपाठी को प्रत्याशी बना सकती है। हालांकि, उनकी उम्मीदवारी को लेकर न तो कोई औपचारिक घोषणा हुई है और न ही पार्टी नेतृत्व ने इस संबंध में अपना रुख स्पष्ट किया है। ऐसे में फिलहाल इसे राजनीतिक चर्चा और संभावित समीकरण के तौर पर ही देखा जा रहा है। गठबंधन के सीट बंटवारे पर टिकी निगाहें फिलहाल फरेंदा विधानसभा सीट को लेकर भाजपा और उसके सहयोगी दलों के बीच संभावित समीकरण स्पष्ट नहीं हैं। सीट किस दल के हिस्से में जाएगी और प्रत्याशी कौन होगा, यह गठबंधन के फैसले के बाद ही साफ होगा। आरक्षण की मांग को लेकर फरेंदा में संजय निषाद की सक्रियता ने सामाजिक आंदोलन के साथ राजनीतिक हिस्सेदारी की चर्चा भी शुरू कर दी है। अब निगाहें इस बात पर हैं कि आगामी विधानसभा चुनाव में निषाद पार्टी फरेंदा सीट पर अपनी दावेदारी पेश करती है या नहीं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User