रायबरेली में पुलिस चौकी पर लटका रहता ताला:परिसर में गोबर और गंदगी; साइन बोर्ड भी गायब, शिकायत लेकर पहुंचने पर नहीं मिलते पुलिसकर्मी

Nov 22, 2026 - 11:35
0
रायबरेली में पुलिस चौकी पर लटका रहता ताला:परिसर में गोबर और गंदगी; साइन बोर्ड भी गायब, शिकायत लेकर पहुंचने पर नहीं मिलते पुलिसकर्मी
रायबरेली के हरचंदपुर थाना क्षेत्र की एक पुलिस चौकी की बदहाली सामने आई है। चौकी परिसर में जगह-जगह गोबर और गंदगी फैली है। चौकी का साइन बोर्ड तक गायब है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि चौकी पर अक्सर ताला लगा रहता है और चौकी प्रभारी भी नियमित रूप से मौजूद नहीं रहते। ऐसे में शिकायत लेकर पहुंचने वाले फरियादियों को खाली हाथ लौटना पड़ता है। चौकी परिसर में गोबर, साइन बोर्ड भी गायब चौकी की बदहाली का एक वीडियो सामने आया है। इसमें परिसर में जगह-जगह गोबर और गंदगी दिखाई दे रही है। चौकी की पहचान बताने वाला साइन बोर्ड भी नजर नहीं आ रहा है। परिसर की हालत देखकर साफ-सफाई और रखरखाव को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। शिकायत लेकर पहुंचते हैं, लेकिन नहीं मिलता कोई स्थानीय लोगों का कहना है कि चौकी पर अक्सर ताला लगा रहता है। गांव में झगड़ा होने, चोरी की सूचना देने या किसी विवाद की शिकायत लेकर लोग चौकी पहुंचते हैं, लेकिन वहां पुलिसकर्मी नहीं मिलते। छोटी-छोटी शिकायतों के लिए भी लोगों को हरचंदपुर थाने जाना पड़ता है। लोगों के मुताबिक, चौकी का उद्देश्य क्षेत्र के लोगों को नजदीक में पुलिस सहायता उपलब्ध कराना है, लेकिन यहां फरियादियों को थाने के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। हालांकि, पुलिसकर्मियों की ड्यूटी और उनकी वास्तविक मौजूदगी की स्थिति विभागीय जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। थाने से अधिकारियों तक, निगरानी पर सवाल चौकी की हालत सामने आने के बाद सबसे बड़ा सवाल यह है कि हरचंदपुर थाने के जिम्मेदार अधिकारियों को इसकी जानकारी क्यों नहीं हुई? क्या चौकी का नियमित निरीक्षण नहीं किया जाता? साफ-सफाई और पुलिसकर्मियों की मौजूदगी की निगरानी की जिम्मेदारी किसकी है? अगर चौकी का नियमित संचालन हो रहा है, तो परिसर में गोबर और गंदगी का यह हाल कैसे हुआ? स्थानीय लोगों ने चौकी की कार्यप्रणाली और निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। एसपी साहब! इस चौकी की भी सुध लीजिए पुलिस अधीक्षक रवि कुमार जिले में बेहतर पुलिसिंग और आम जनता की शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर जोर दे रहे हैं। ऐसे में चौकी की बदहाली पुलिसिंग के दावों की जमीनी स्थिति पर सवाल खड़े कर रही है। क्षेत्रीय लोगों ने एसपी से चौकी का औचक निरीक्षण कराने, जिम्मेदारों की जवाबदेही तय करने और नियमित पुलिसकर्मियों की मौजूदगी सुनिश्चित कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि चौकी परिसर की सफाई कराई जाए, साइन बोर्ड लगवाया जाए और वहां पुलिसकर्मियों की नियमित ड्यूटी तय हो, ताकि फरियादियों को मदद के लिए भटकना न पड़े। अब देखना होगा कि वीडियो और स्थानीय लोगों की शिकायतों के बाद पुलिस विभाग चौकी की बदहाली दूर करने के लिए क्या कदम उठाता है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User