यूपी की 25,500 मेधावी छात्राओं को दिसंबर से मिलेगी स्कूटी:मैजेंटा कलर की होगी, 320 करोड़ रुपए का बजट तय
उत्तर प्रदेश की करीब 25,500 मेधावी छात्राओं को दिसंबर से रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना का लाभ मिलने की तैयारी है। प्रदेश सरकार ने छात्राओं को देने के लिए हीरो कंपनी के प्लेजर मॉडल का चयन किया है। स्कूटी मैजेंटा कलर की होगी। कंपनी, मॉडल और रंग तय होने के बाद अब वितरण की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। योजना के लिए 320 करोड़ रुपए का बजट निर्धारित किया गया है। उच्च शिक्षा निदेशालय, प्रयागराज की ओर से पात्र छात्राओं के चयन और डाटा फीडिंग की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। फिलहाल जिलाधिकारियों के स्तर पर छात्राओं के दस्तावेजों और पात्रता का सत्यापन कराया जा रहा है। रिपोर्ट मिलने के बाद वितरण की तारीख तय की जाएगी। स्नातक की टॉप-5 छात्राओं को मिलेगा लाभ उच्च शिक्षा निदेशालय के अनुसार, राज्य विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में स्नातक उत्तीर्ण करने वाली टॉप-5 मेधावी छात्राओं को योजना का लाभ दिया जाएगा। इसके लिए निदेशालय की ओर से 320 करोड़ रुपए का टेंडर पहले ही किया जा चुका है। सामान्य मेधावी छात्राओं के लिए निर्धारित मेरिट से 10 प्रतिशत कम अंक पाने वाली शहीद परिवारों की बेटियां, दिव्यांग और निराश्रित छात्राएं भी पात्र होंगी। निराश्रित श्रेणी में वे छात्राएं शामिल हैं, जिनके माता-पिता में से किसी एक की मृत्यु हो चुकी है। इसके लिए परिवार की वार्षिक आय 12 लाख रुपए से अधिक नहीं होनी चाहिए। दिव्यांग छात्राओं को मिलेगी विशेष किट योजना के तहत दिव्यांग छात्राओं को स्कूटी के साथ रेट्रोफिटेड स्टेबलाइजर किट भी दी जाएगी। चयनित छात्राओं को स्कूटी का पंजीकरण और पांच साल का बीमा प्रदेश सरकार की ओर से कराया जाएगा। इसके अलावा एक आईएसआई मार्का हेलमेट और चार लीटर पेट्रोल भी दिया जाएगा। स्कूटी पूरी एक्सेसरीज के साथ मिलेगी। प्रत्येक जिले में सर्विस सेंटर की व्यवस्था भी की जाएगी। डीएम के सत्यापन के बाद शुरू होगा वितरण उच्च शिक्षा निदेशालय ने चयनित छात्राओं की सूची एनआईसी पोर्टल के माध्यम से संबंधित जिलाधिकारियों को भेज दी है। अब जिलों में दस्तावेजों और पात्रता का भौतिक सत्यापन कराया जा रहा है। जिलाधिकारियों से रिपोर्ट मिलने के बाद वितरण की तारीख घोषित होगी। योजना का शुभारंभ मुख्यमंत्री लखनऊ में करेंगे। इसके बाद दिसंबर में मंडल स्तर पर समारोह आयोजित कर छात्राओं को स्कूटी देने की तैयारी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)